मोबाइल बेचने से लेकर म्यूजिक स्टार बनने तक, हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान के संघर्ष की पूरी कहानी
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मोबाइल बेचने से गायक बनने तक का सफर तय करने वाले अंकित को छह महीने पहले रंगदारी की धमकी मिली थी।
-1787798376190_m.webp)
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान। (तस्वीर- सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, शामली। हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी बुलंद आवाज और बदमाशी के गानों से युवाओं के बीच अच्छी पहचान बना चुके अंकित बालियान का जीवन संघर्ष और सफलताओं से भरा रहा था।
शुरुआती दिनों में अंकित बालियान गांव में ही मोबाइल फोन की दुकान चलाते थे, लेकिन कुछ अलग करने का सपना लिए वर्ष 2016 में वह यहां से दिल्ली चले गए, जहां उन्होंने स्पोर्ट्स में बीपीएड (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन) की पढ़ाई पूरी की।
हालांकि इसके बाद हरियाणा में गायकी में हाथ आजमाया था। एक साल पहले शुरू हुए विवाद के चलते करीब छह महीने से वह हरियाणा में नहीं गए थे।
एक साल पहले शुरू हुआ था विवाद
बाबरी क्षेत्र के गांव बंतीखेड़ा निवासी कलाकार अंकित बालियान पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2018 से सोनीपत में रहने लगे और वहीं से उन्होंने अपने गायकी के सफर की शुरुआत की। देखते ही देखते उनके गाने इंटरनेट मीडिया और युवाओं के बीच प्रसारित होने लगे और वह एक जाने-माने हरियाणवी सिंगर बन गए।
2025 तक हरियाणा में ही रहे अंकित
अपने गानों की अपार सफलता के बाद वह वर्ष 2025 तक लंबे समय तक हरियाणा में ही रहे। करीब एक वर्ष पूर्व वह हरियाणा से अपने मूल गांव बंतीखेड़ा शामली लौट आए और यहीं परिवार के साथ रहने लगे थे। हालांकि, संगीत के सिलसिले में उनका बीच-बीच में हरियाणा आना-जाना लगा रहता था।

अन्य कलाकारों से विवाद और रंगदारी मांगने का आरोप
अंकित के पिता और अन्य स्वजन ने धरने के दौरान यह भी कहा कि हरियाणा में अन्य साथी सिंगरों के साथ विवाद के बाद करीब छह महीने पहले अंकित बालियान से रंगदारी मांगी गई थी। हालांकि, उस समय अंकित ने इस मामले में पुलिस से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
यह भी पढ़ें- कौन थे हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान, जिनका शामली में हुआ मर्डर; मौत से एक घंटे पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया वीडियो
एक दिन पहले इंस्टाग्राम पर आए थे लाइव
ग्रामीण युवाओं के अनुसार करीब डेढ़ महीने पहले अंकित ने देर रात अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से लाइव आकर प्रशंसकों के बीच यह बात रखी थी कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं और उनसे रंगदारी की मांग की जा रही है, लेकिन वह रंगदारी नहीं देंगे। इतने कमजोर नहीं है। कुछ दिनों बाद हरियाणा में ही आकर कार्य करेंगे।

यूपी में प्रदेश स्तर के कबड्डी खिलाड़ी थे अंकित
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान उत्तर प्रदेश स्तरीय कबड्डी खिलाड़ी भी रहे थे। पैर में फ्रैक्वर के बाद कबड्डी खेलना छोड़ दिया था। अंकित के 20 गाने आने वाले थे। परिजनों ने बुधवार रात करीब सवा बजे अज्ञात में तहरीर दी है।
चार भाई बहनों में तीसरे नंबर के थे अंकित बालियान
अंकित बालियान चार भाई बहनों में तीसरे नंबर के थे। बड़ी दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। अंकित बालियान की भी शादी हो चुकी है। इनकी पत्नी शिक्षिका हैं। इनका एक छोटा भाई है। अंकित के पिता सत्यवीर सिंह सेना से रिटायर्ड हैं, और वर्तमान में गांव में खेती करते हैं। हत्या के बाद पैतृक गांव बंतीखेड़ा में गम का माहौल है।
क्या है पूरा मामला
शामली में बुधवार शाम करीब सात बजे हरियाणा के सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लगभग 20 राउंड फायरिंग की गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई।
अंकित कोतवाली क्षेत्र के आर्यपुरी में नाला पटरी स्थित मसल्स जिम में आए थे। शाम 6:48 बजे जैसे ही वह जिम से बाहर निकलकर अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठने लगे, तभी बाइक सवार चार बदमाश आए और चारों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
