विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शामली में 32 हजार नए राशन कार्डों की होगी जांच, अपात्रों पर कसेगा शिकंजा, निरस्त होगा राशन कार्ड

Published: Mon, 23 Nov 2026 07:18 PM (GMT+05:30)

शामली में खाद्य एवं रसद विभाग 32 हजार 292 नए राशन कार्डों का सत्यापन करेगा, जिसमें अपात्र पाए जाने वालों के कार्ड निरस्त किए जाएंगे।  

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।

HighLights

  1. शामली में 32 हजार नए राशन कार्डों का सत्यापन होगा।

  2. अपात्र पाए जाने पर राशन कार्ड निरस्त किए जाएंगे।

  3. चार पहिया वाहन मालिक, आयकरदाता होंगे अपात्र।

जागरण संवाददाता, शामली। जिले में सरकारी राशन का अवैध लाभ ले रहे संपन्न लोगों के खिलाफ खाद्य एवं रसद विभाग कार्रवाई तेज करने जा रहा है। शासन से नया डाटा मिलने के बाद 32 हजार 292 राशन कार्डों का सत्यापन कराया जाएगा। अपात्र पाए जाने वालों के कार्ड निरस्त होंगे। इससे पहले मार्च में विभाग 2,536 अपात्र राशन कार्ड निरस्त कर चुका है।

पांचों ब्लाक क्षेत्रों में फिलहाल कुल दो लाख 18 हजार 850 राशन कार्ड संचालित हैं। इनमें दो लाख चार हजार 85 पात्र गृहस्थी और 14 हजार 765 अंत्योदय कार्ड शामिल हैं। शासन के डिजिटल सत्यापन में ऐसे लोगों को चिह्नित किया गया है, जो आर्थिक रूप से संपन्न होने के बावजूद सरकारी राशन का लाभ ले रहे हैं। पूर्व की कार्रवाई में आयकर रिटर्न दाखिल करने वाले, गाड़ियों और आलीशान मकानों के मालिकों के कार्ड निरस्त किए गए थे।

नए चरण में मिले 32,292 कार्डों के डाटा की जांच राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत तय 24 मानकों पर होगी। इनमें चार पहिया वाहन का स्वामित्व, आयकरदाता होना और लगातार छह महीने तक राशन न लेना शामिल है। नगर निकायों और जिले की 230 ग्राम पंचायतों में भी सत्यापन कराया जाएगा।

डाटा का आयकर विभाग के अभिलेखों से होगा मिलान

खाद्य विभाग पोर्टल पर उपलब्ध राशन कार्डधारकों के विवरण का विभिन्न सरकारी विभागों के अभिलेखों से मिलान कर रहा है। आयकर विभाग के डाटा के आधार पर भी अपात्रों की पहचान की जा रही है। जिला पूर्ति अधिकारी अंकुर यादव ने पहले शामली, कैराना और ऊन तहसील क्षेत्रों में टीमों का गठन कर सत्यापन कराया था। इसी आधार पर पहले चरण में कार्रवाई की गई थी।

शासन से 32 हजार 292 राशन कार्डों का नया डाटा प्राप्त हुआ है। इन सभी का निर्धारित 24 मानकों के आधार पर सत्यापन कराया जाएगा। जांच में जो भी राशन कार्डधारक अपात्र पाया जाएगा, उसका कार्ड नियमानुसार निरस्त किया जाएगा। पात्र लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसका भी ध्यान रखा जाएगा।

-अंकुर यादव, जिला पूर्ति अधिकारी।

यह भी पढ़ें- बस्ती में राशन कार्ड घोटाला, 10205 मृतक भी उठा रहे थे खाद्यान्न; अब एक्शन की तैयारी

यह भी पढ़ें- बिहार में अब 30 दिनों के भीतर बनेगा नया राशन कार्ड, मुख्यालय से होगी AI आधारित डिजिटल निगरानी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।