अंकित बालियान हत्याकांड: परिजनों ने सड़क पर शव रख लगाया जाम, आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की
शामली में अंकित बालियान की हत्या के बाद लोगों में भारी गुस्सा है। उन्होंने शव रखकर जाम लगाया और हत्यारों की गिरफ्तारी व इंसाफ की मांग की।
HighLights
अंकित बालियान की हत्या पर शामली में जन आक्रोश।
लोगों ने शव रखकर जाम लगाया, हत्यारों के लिए न्याय मांगा।
पुलिस की पांच टीमें जांच में जुटी, हरियाणा विवाद का एंगल।
जागरण संवाददाता, शामली। अंकित बालियान की मौत पर लोगों में गम और गुस्सा साफ दिखाई दे रहा था। देर रात तक वर्मा मार्केट के पास लगे जाम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सबकी जुबान पर एक ही बात थी, हमें इंसाफ चाहिए।
हत्या का बदला चाहिए। यदि पुलिस नहीं पकड़ पा रही है, तो हम पकड़ेंगे और इंसाफ करेंगे। हालांकि इस दौरान पुलिस आक्रोशित लोगों को लगातार शांत करने का प्रयास करती रही।
हत्याकांड के बाद लोगों ने शव को वर्मा मार्केट के पास रखकर जाम लगा दिया था। इस दौरान अंकित के पिता, भाई और करीबी रिश्तेदारों के साथ ही गांव और दोस्त भी मौजूद थे। बार-बार एक ही आवाज लोगों की भीड़ के बीच सुनाई दे रही थी कि हमें इंसाफ चाहिए।
हत्यारों का एनकाउंटर होना चाहिए, उनके घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए। बीच-बीच में आक्रोशित लोग पुलिस की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठा रहे थे। उनका कहना था कि करीब सात बजे बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया और अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। कहीं कोई चेकिंग नहीं दिखाई दे रही है।
यदि पुलिस नहीं पकड़ पा रही है, तो बताएं। हम बदमाशों को पकड़ लेंगे, और इंसाफ करेंगे। हमारा बेटा, भाई, दोस्त और सब कुछ चला गया। रोते-बिलखते परिवार के महिला-पुरुष इंसाफ की गुहार लगा रहे थे।
नेताओं की दूरी पर लोगों में दिखा आक्रोश
हत्याकांड के बाद मौके पर मौजूद लोगों में नेताओं के प्रति भी आक्रोश दिखाई दिया। उनका कहना था कि किसी भी पार्टी का कोई नेता यहां पर नहीं आया है। विधायक-सांसद सबने अभी तक दूरी बना रखी है। यदि हमारे नेताओं में हमारे प्रति कोई हमदर्दी नहीं है, तो फिर उनकी दूरी ही बेहतर है।
हालांकि रात करीब सवा 10 बजे एमएलसी वीरेंद्र सिंह लोगों के बीच पहुंच गए थे। उन्होंने एसपी और अन्य अधिकारियों से बातचीत की और जल्द से जल्द मामले के राजफाश के लिए कहा। एसपी ने बताया कि पांच टीमें लगी हैं।
कभी कोई सुरक्षा नहीं मांगी गई
पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि हरियाणा का कोई विवाद हत्याकांड के पीछे हो सकता है। पुलिस की एक टीम सोनीपत पुलिस के संपर्क में भी है। एसपी ने बताया कि अंकित बालियान ने कभी कोई सुरक्षा की मांग नहीं की थी। वह कभी उनसे मिला भी नहीं था। हरियाणा पुलिस से संपर्क किया जा रहा है। सर्विलांस, एसओजी भी लगी हुई है।
