शामली में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर टायर फटने से खड़े टैंकर से टकराया डंपर, तीन लोग घायल
दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर थानाभवन के पास डंपर का टायर फटने से वह खड़े टैंकर से टकरा गया। इस हादसे में डंपर चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर पर डंपर का टायर फटा।
खड़े पानी के टैंकर से जोरदार टक्कर हुई।
हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल।
संवाद सूत्र, शामली। दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर थानाभवन क्षेत्र में ख्यावड़ी कट के पास डंपर का टायर अचानक से फटने से वह खड़े टैंकर से भिड़ गया। हादसे में कॉरिडोर पर मौजूद दो श्रमिक समेत तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे एनएचएआई कर्मचारी और पुलिस ने घायलों को थानाभवन सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस प्रकरण की जांच में जुटी है।
थानाभवन थाना क्षेत्र के गांव ख्यावड़ी कट के निकट शनिवार दोपहर देहरादून से डस्ट भरकर कांधला की ओर जा रहे एक डंपर का अगला टायर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। टायर फटने के कारण चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे अनियंत्रित हुआ ट्रॉला सीधे कॉरिडोर किनारे खड़े एनएचएआई के पानी के टैंकर से जा टकराया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर तेज आवाज के साथ अफरा-तफरी मच गई और दोनों ही वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में ट्राला चालक तरसेम सिंह पुत्र अनूप सिंह निवासी बरेली तथा निर्माण कार्य में लगे दो मजदूर शुभम पुत्र सतबीर निवासी सावंतखेड़ी (सहारनपुर) व लोकेश पुत्र जगदीश निवासी भगवानपुर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर डंपर चालक ने किसी तरह केबिन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम, एंबुलेंस और थानाभवन पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हटवाकर कॉरिडोर पर यातायात को सुचारु कराया।
कॉरिडोर पर काम कर रहे अन्य मजदूरों व प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर पानी के टैंकर के पहिए हाईवे से नीचे आने पर जाम न होते, तो दोनों गाड़ियां करीब 20 फीट नीचे गिर जातीं और बड़ा हादसा हो सकता था।
खबरें और भी
हादसे की खबर मिलते ही एनएचएआई के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली। प्रत्यक्षदर्शियों व स्थानीय लोगों ने बताया कि नियमों को ताक पर रखकर चलते हुए कॉरिडोर की रनिंग लेन पर बिना किसी उचित बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर या चेतावनी बोर्ड के पानी का टैंकर खड़ा किया गया था।