विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अंकित बालियान हत्याकांड: ताबड़तोड़ फायरिंग से पुलिस के इकबाल को चुनौती, धड़ाधड़ गिरे शटर; बंद हुए दरवाजे

Updated: Thu, 27 Aug 2026 08:09 AM (IST)

शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की जिम के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में ...और पढ़ें

शामली के नाला पटरी पर अंकित बालियान की हत्या के बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह। जागरण

शामली के नाला पटरी पर अंकित बालियान की हत्या के बाद घटनास्थल पर पहुंचे एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह। जागरण

HighLights

  1. हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या।

  2. दहशत में व्यापारियों ने दुकानें बंद कीं, लोग सहमे।

  3. पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल, विरोध प्रदर्शन।

अभिषेक कौशिक, शामली। बाइक सवार हमलावरों ने न केवल हरियाणवी सिंगर की शाम ढलते ही गोली मारकर हत्या कर दी, बल्कि पुलिस के इकबाल को भी खुली चुनौती दी। वारदात के दौरान बदमाश पूरी तरह से बे-खौफ थे। उनको न तो पुलिस का डर था, और न ही कानून व्यवस्था। वह तो बस अंकित का जिम से बाहर आने का इंतजार कर रहे थे और बाहर आते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

घटनास्थल के पास ही हर वक्त पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात रहे हैं, और नाला पटरी मार्ग पर लगातार आवाजाही भी बनी रहती है। बावजूद इसके हमलावर आए और सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए। खौफ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास के व्यापारियों ने दुकानों के शटर गिरा दिए तो घरों के दरवाजे भी बंद हो गए थे। कुछ देर बाद जब पुलिस पहुंची तो माहौल सामान्य हुआ, लेकिन तब भी लोगों के चेहरे पर खौफ और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल थे।

कोतवाली क्षेत्र से तीन से चार सौ मीटर दूर नाला पटरी मार्ग पर हर वक्त आवाजाही लगी रहती है। यहां पर सड़क के दोनों ओर दुकानें हैं, तो घरों में लोग रहते हैं। फास्ट फूड के ठेले भी लगे रहते हैं।

शाम के वक्त जैसे ही बदमाशों ने एक के बाद एक 20 गोलियां चलाई तो पहले को कोई कुछ समझ ही नहीं पाया है, और फिर दहशत में आसपास के व्यापारियों ने अपनी-अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए। इस दौरान कुछ दुकानदार और ग्राहक अंदर ही बंद हो गए थे, जबकि कुछ भागते-दौड़ते इधर-उधर हो गए थे।

लोगों ने अपने घरों के दरवाजे भी बंद कर दिए थे। ठेलों पर खड़े लोग भी छिपने की जगह तलाश कर रहे थे। बे-खौफ बदमाश लगातार गोली चलाते रहे, जिससे हर तरफ दहशत फैल गई थी। इसके बाद वे हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए थे। लोगों का कहना था कि बदमाशों में पुलिस का जरा-सा भी डर नहीं था।

उन्होंने आराम से हत्याकांड को अंजाम दिया। सरेराह ऐसी दुस्साहसिक वारदात कर बदमाशों ने सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, डर के चलते ही करीब 10 से 15 मिनट बाद शटर और दरवाजे खुले। हालांकि तब तक पुलिस भी पहुंच गई थी। इसके बाद लोगों को पता चला कि हरियाणवी सिंगर की हत्या कर दी गई है।

यह भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड: जिम के बाहर गोलियां बरसाकर भागे शूटर, CCTV में कैद हुए संदिग्ध, STF और 200 पुलिसकर्मियों ने संभाला मोर्चा

शामली पुलिस मुर्दाबाद के लगे नारे
हत्याकांड के बाद स्वजन और अन्य लोगों में गुस्सा था। उन्होंने घटनास्थल के पास मुख्य सड़क वर्मा मार्केट के नजदीक जाम लगा दिया था। एसपी, एएसपी, सीओ और कई थानों की फोर्स भी पहुंच गई थी। सभी लोग एक ही मांग कर रहे थे कि उनको इंसाफ चाहिए। इस दौरान कुछ युवा सड़क पर बीच में खड़ी गाड़ियों पर भी चढ़ गए थे। गुस्से का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि लोगों ने काफी देर तक शामली पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। हालांकि अधिकारी लगातार जल्द ही हमलावरों को पकड़ने का आश्वासन देते रहे।

अंकित की मुखबिरी करने का भी शक
हमलावरों को पता था कि अंकित बालियान नाला पटरी स्थित जिम में आते हैं, और लगभग उनके जाने का समय भी पता था। यदि उनको जाने का समय पता नहीं होता तो वह जिम के अंदर घुसकर भी वारदात को अंजाम दे सकते थे। कुछ लोगों का कहना है कि घटना से पहले कुछ संदिग्ध लोग लगातार सड़क के चक्कर काट रहे थे। घटना से कुछ देर पहले वह जिम के पास ही खड़े हो गए थे, और अंकित के बाहर निकलते ही गोलियां से उनको भून दिया था। गोलियों की आवाज से कुछ लोग इतना डर गए थे कि भागते-भागते गिर भी पड़े थे।