'मुस्लिमों के मसीहा बनने वाले कार्रवाई के वक्त गायब रहे', श्रावस्ती जनसभा में असदुद्दीन ओवैसी ने सपा और बसपा पर साधा निशाना
श्रावस्ती में एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने जनसभा कर भाजपा, सपा और बसपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुस्लिमों को ...और पढ़ें

HighLights
असदुद्दीन ओवैसी ने श्रावस्ती में जनसभा कर विपक्ष पर निशाना साधा।
उन्होंने सपा-बसपा पर मदरसों और मस्जिदों पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।
ओवैसी ने मुस्लिमों से एकजुट होकर अपनी ताकत दिखाने का आह्वान किया।
जागरण संवाददाता, श्रावस्ती। भिनगा-सेमरी मार्ग पर राजापुररानी गांव के निकट मैदान में रविवार को एआईएमआईएम (आल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) की जनसभा हुई। देर शाम पहुंचे पार्टी प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा, सपा व बसपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुस्लिमों को एकजुट रहने का संदेश दिया।
एआईएमआईएम प्रमुख की जनसभा को लेकर लोगों में उत्साह दिखा। शाम पांच बजे तक उन्हें पहुंचना था, लेकिन लगभग 7.5 बजे वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्हें सुनने आए लोगों के पग डगमग नहीं हुए। मंच पर एआईएमआईएम प्रमुख के पहुंचते ही सभा में जयकारे गूंजने लगे। मंच संभाला तो संगठन प्रमुख ने कहा कि नीति आयोग के आंकड़ों के अनुसार श्रावस्ती में 75 प्रतिशत से अधिक लोग गरीब हैं।
मुस्लिमों का रहनुमा बनकर उनका वोट लेने वाले लोग तब नजर नहीं आए, तब मदरसे सील हो रहे थे और मस्जिद, मजार और मदरसे ढहाए जा रहे थे। उन्होंने सपा सांसद और विधायक का नाम लेकर कहा कि तीन सौ मदरसे बंद हुए। 58 से अधिक मदरसों और मजारों पर बुलडोजर चला, लेकिन कोई नजर नहीं आया। हाजी दद्दन खां इन भवनों को बचाने के लिए जेल गए। एआईएमआईएम प्रमुख ने अपने भाषण में मुस्लिमों को एकजुट रहने का संदेश दिया। मैनुद्दीन खां उर्फ दद्दन खां, दिलशाद पठान मौजूद रहे।
