सोनभद्र में सरस मेले में बाजार से जुड़ेंगी 40 ग्रामीण महिला उद्यमी, चमकेगा हुनर और बढ़ेगी आमदनी
सोनभद्र में 4 नवंबर से तीन दिवसीय सरस मेले का आयोजन होगा, जहां 40 ग्रामीण महिला उद्यमी अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाएंगी।
-1793523603999_m.webp)
सरस मेले में बाजार से जुड़ेंगी 40 ग्रामीण महिला उद्यमी।
HighLights
सोनभद्र में 4 नवंबर से तीन दिवसीय सरस मेले का आयोजन।
40 ग्रामीण महिला उद्यमी अपने हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।
महिलाओं को बाजार, पहचान और कारोबार बढ़ाने का अवसर मिलेगा।
जागरण संवाददाता, सोनभद्र। गांवों में हुनर की कमी नहीं, जरूरत है उसे बाजार तक पहुंचाने की। इसी सोच के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए चार नवंबर से राबर्ट्सगंज के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान परिसर में तीन दिवसीय सरस मेले का आयोजन होगा।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से लगने वाले मेले में महिलाओं के 40 स्टाल सजेंगे। दीपावली के मौके पर आयोजित यह मेला ग्रामीण महिला उद्यमियों के लिए कमाई के साथ अपने उत्पादों की पहचान बनाने का अवसर भी बनेगा।
मेले में पारंपरिक हुनर और नवाचार का संगम देखने को मिलेगा। बकरी के दूध से बने साबुन, श्रीअन्न आधारित खाद्य उत्पाद, सोन अर्थ ब्रांड के उत्पाद, फूल व इलेक्ट्रॉनिक झालर, पंचगव्य से बनी लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, दीपक, धूपबत्ती और बांस से तैयार आकर्षक वस्तुएं बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी। खास बात यह होगी कि ग्राहक सीधे उत्पाद बनाने वाली महिलाओं से खरीदारी कर सकेंगे।
सिर्फ बिक्री नहीं, कारोबार बढ़ाने का मंच
एनआरएलएम के उपायुक्त रवींद्र वीर ने बताया कि मेले का उद्देश्य महिलाओं को केवल उत्पाद बिक्री का अवसर देना नहीं, बल्कि उनके उत्पादों का प्रचार-प्रसार कर नए ग्राहक तैयार करना भी है। इससे समूहों को बाजार की मांग समझने और अपने उत्पादों की गुणवत्ता व उत्पादन बढ़ाने की प्रेरणा मिलेगी। सरकार की मंशा स्वयं सहायता समूहों को छोटे कारोबार से आगे बढ़ाकर सफल उद्यम के रूप में स्थापित करने की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।