सुलतानपुर: खेत में मिले कब्रनुमा रहस्यमयी गड्ढे, खुदाई के बाद ग्रामीणों ने जो देखा उड़ गए होश
सुलतानपुर के गोसाईगंज में गन्ने के खेत में दो कब्रनुमा गड्ढे मिलने से गांव में दहशत फैल गई। पुलिस ने एक गड्ढे की खुदाई कराई।

सीओ की मौजदूगी में की जा रही गड्ढे की खोदाई
HighLights
गन्ने के खेत में दो कब्रनुमा गड्ढे मिले।
पुलिस ने एक गड्ढे की छह फीट तक खुदाई की।
कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जांच जारी है।
संवाद सूत्र, सुलतानपुर। गोसाईगंज के गणेशपुर कैथौली गांव में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब बकरी ढूंढने गए एक पशुपालक को गन्ने के खेत में कब्रनुमा दो गड्ढा दिखाई पड़ा। उसने इसकी जानकारी भाग कर ग्रामीणों को दी तो मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से एक गड्ढे की खोदाई कराई। करीब छह फीट तक खोदाई के बाद भी उसमें कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
अजीजपुर गांव के जमाल ने गनेशपुर कैथौली गांव स्थित अपना खेत महादेवपुर के बब्लू वर्मा को बटाई पर दिया है। जिसमें बब्लू ने गन्ने की फसल बो रखी है। रविवार सुबह गांव के लोग बकरी चराने गन्ने की तरफ गए थे। इस बीच एक पशुपालक की बकरी खो गई।
वह अपनी बकरी ढूंढने गन्ने के खेत मे घुसा तो उसकी नजर कब्रनुमा गड्ढों पर पड़ी। दोनों गड्ढों की आपस में दूरी करीब 20 फीट और पूर्व दिशा की मेड़ से दूरी करीब 10 फीट थी। कब्रनुमा गड्ढा मिलने से गांव में दहशत फैल गई। सूचना पर क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह और थानाध्यक्ष अखंडदेव मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
गड्ढे में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने एक गड्ढे की खुदाई कराई। करीब छह फीट गहराई तक खोदाई के बावजूद वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिला। गड्ढे में केवल लकड़ी की एक छोटी लग्गी मिली। इसके बाद दूसरे गड्ढे की खोदाई नहीं कराई गई।
ग्रामीण हरिशंकर ने बताया गड्ढे के पास देशी शराब के खाली पाउच मिले थे। क्षेत्राधिकारी सुनील कुमार सिंह ने अंदेशा जताया कि जानवर को पकड़ने के लिए गड्ढा खोदा गया होगा। गड्ढे में कोई संदिग्ध वस्तु नही पाई गई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
