कैंसर पीड़ित पत्नी से जुदाई का गम बर्दाश्त न कर सका पति, मौत के दो दिन बाद फंदा लगा दे दी जान
उन्नाव में पत्नी की कैंसर से मौत के बाद पति ने गम में फंदा लगाकर जान दे दी, जिससे उनके ...और पढ़ें

यह तस्वीर प्रतीकात्मक है।
HighLights
पत्नी की कैंसर से मौत के बाद पति ने आत्महत्या की।
उन्नाव में पति के आत्महत्या करने से दो बच्चे अनाथ हुए।
हरदोई-उन्नाव मार्ग पर बाइक-स्कूटी भिड़ंत में एक की मौत।
संवाद सहयोगी, बांगरमऊ(उन्नाव)। उन्नाव में पत्नी की मौत का गम पति बर्दाश्त नहीं कर सका। युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पत्नी कैंसर से पीड़ित थी और बीमारी के चलते 4 नवंबर को मौत हो गई थी।
पत्नी की मौत के गम में डूबे 35 वर्षीय अनिल ने शनिवार देर शाम अपने बाग में फंदा लगाकर जान दे दी। बाग में उसका शव लटका देख स्वजन में चीख-पुकार मच गई।
बांगरमऊ तहसील क्षेत्र के ग्राम जामड़ निवासी अनिल पुत्र राजकुमार गांव से करीब 400 मीटर दूर स्थित अपने बाग पहुंचा था। वहां पेड़ की डाल के सहारे फंदा लगाकर उसने जान दे दी। बाग की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखकर स्वजन को सूचना दी।
ग्रामीणों के अनुसार, अनिल की पत्नी पिंकी कई वर्षों से कैंसर से पीड़ित थी। बीमारी के चलते बीते चार नवंबर को उसकी मौत हो गई थी। पत्नी की मौत के बाद से अनिल गुमसुम रहने लगा था।
उसकी मौत से छह वर्षीय बेटी अनन्या और चार वर्षीय बेटे आदित्य के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ गया। कोतवाल प्रभारी अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि युवक की मौत फंदे से लटकने के कारण हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
इधर, हरदोई-उन्नाव मार्ग पर बाइक-स्कूटी की भिड़ंत, युवक की मौत
हरदोई-उन्नाव मार्ग पर शेख औलिया बाबा की मजार के पास शनिवार देर शाम बाइक और स्कूटी की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। शाहजहांपुर जिले के सहरामऊ निवासी 32 वर्षीय अतुल शर्मा, पुत्र जगपाल, और सुजीत सिंह वेल्डिंग मिस्त्री थे। दोनों उन्नाव में लोक निर्माण विभाग की आरसीसी पुलिया में सरिया वेल्डिंग का काम कर रहे थे। दीपावली के कारण शनिवार को वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी उनकी बाइक सामने से आ रही स्कूटी से टकरा गई।