Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वाराणसी में ज्वेलर्स को नशीली चाय पिलाकर बनाया अश्लील वीडियो... फिर मांगे 25 लाख रुपए, 4 पर केस दर्ज

    Updated: Sun, 05 Apr 2026 01:19 AM (IST)

    एक युवती और उसके तीन साथियों ने ज्वेलर्स को फंसाया। जेवर खरीदने के बहाने घर बुलाकर नशीली चाय पिलाई, अश्लील वीडियो बनाया और 25 लाख रुपये मांगे। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    प्रतीकात्मक तस्वीर

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, वाराणसी। ज्वेलर्स को शिकार बनाने के लिए एक युवती और उसके तीन साथियों ने सुनियोजित साजिश रची। आरोप है कि सोने की चेन खरीदने के बहाने ज्वेलर्स को घर बुलाया गया, जहां नशीली चाय पिलाकर उसे फंसाया गया और अश्लील वीडियो बनाकर 25 लाख रुपये की मांग की गई।

    मामला गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र का है। गाजीपुर के सैदपुर निवासी दीपांशु सोनी स्थानीय बाजार में ज्वेलरी का कारोबार करते हैं। बीते 11 मार्च को स्नेहलता सिंह नाम की महिला ने फोन कर जेवर खरीदने की बात कही। इसके बाद 23-24 मार्च को व्हाट्सएप पर मैसेज के जरिए बातचीत होती रही।

    बीते 27 मार्च को महिला ने ज्वेलर्स को अपने घर बुलाया। रात करीब नौ बजे जब वह सोने की चेन लेकर उसके घर पहुंचे, तो महिला ने उन्हें चाय पिलाई। चाय पीते ही उन्हें चक्कर आने लगा। इसी दौरान महिला ने उनसे लिपटकर आपत्तिजनक हरकतें कीं, जबकि पहले से छिपे उसके तीन साथी गाजीपुर के औड़िहार निवासी भरत सिंह, सैदपुर के बबलू पंडित और दबगढ़न के अन्ना ने वीडियो बना लिया।

    इसके बाद आरोपितों ने वीडियो दिखाकर धमकी दी कि यदि इसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने से बचाना है तो 25 लाख रुपये देने होंगे। डर के माहौल में आरोपितों ने तमंचा दिखाकर ज्वेलर्स के मोबाइल फोन से 90 हजार रुपये महिला के खाते में ट्रांसफर करा लिए और बाद में उसके घर जाकर 4.80 लाख रुपये भी लिए।

    शेष 20 लाख रुपये के लिए लगातार फोन कर धमकी दी जाती रही। पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए मामले की शिकायत डीआईजी वाराणसी जोन वैभव कृष्ण से की। उपलब्ध साक्ष्यों मैसेज, कॉल रिकॉर्डिंग और अन्य सुबूत देखकर डीआईजी ने केस दर्ज करने के निर्देश दिए।

    नंदगंज पुलिस ने युवती समेत चारों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि इस तरह की घटनाएं किसी के साथ भी हो सकती हैं। ऐसे में घबराने के बजाय तुरंत पुलिस से संपर्क करें। पर्याप्त साक्ष्य होने पर कानून निश्चित रूप से पीड़ित की मदद करता है।

    यह भी पढ़ें- वाराणसी में एलपीजी मुक्त हुई शिव विहार कॉलोनी, 33 घरों में पहुंची PNG