बनारस स्टेशन पर गूंजा हर-हर महादेव, तमिल संगमम का पहला जत्था पहुंचा बनारस
काशी तमिल संगमम का पहला जत्था शुक्रवार शाम बनारस स्टेशन पहुंचा, जहां 207 छात्रों का 'हर-हर महादेव' के नारों और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया गया। ये छात्र काशी में रहकर विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे और उत्तर-दक्षिण भारत के सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देंगे।

काशी तमिल संगमम का पहला जत्था बनारस स्टेशन पहुंचा, 'हर-हर महादेव' से गूंजा परिसर।
HighLights
207 छात्रों का काशी तमिल संगमम जत्था बनारस पहुंचा।
स्टेशन पर 'हर-हर महादेव' नारों संग भव्य स्वागत हुआ।
छात्र काशी में सांस्कृतिक भ्रमण और आदान-प्रदान करेंगे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी तमिल संगमम का पहला जत्था शुक्रवार की शाम आठ बजे बनारस स्टेशन पहुंचा। पूरा स्टेशन परिसर हर-हर महादेव के नारों से गूंज उठा। कन्याकुमारी से चलकर आए 207 छात्रों के दल का रेलवे की ओर से तिलक लगाकर, माला पहनाकर और ढोल-नगाड़े बजाते हुए भव्य स्वागत किया गया।
जैसे ही ट्रेन बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंची, ढोल-नगाड़ों की थाप पर छात्र उत्साह से झूम उठे। सभी छात्रों ने एक स्वर में हर-हर महादेव के नारे लगाए। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने फूल-माला से उनका स्वागत किया। माथे पर तिलक लगते ही छात्रों के चेहरे खिल उठे। कई छात्रों ने इस पल को अपने मोबाइल में कैद किया। स्टेशन परिसर में मौजूद अन्य यात्री भी इस भव्य स्वागत को देखकर ठहर गए।
इस दौरान रेलवे के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने छात्रों से उनका हालचाल पूछा, यात्रा के बारे में जानकारी ली और काशी में उनके प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं। स्वागत के बाद सभी छात्रों को बसों के माध्यम से उनके ठहरने के स्थान की ओर रवाना किया गया। रेलवे की ओर से छात्रों के ठहरने, भोजन और भ्रमण की पूरी व्यवस्था की गई है।
काशी तमिल संगमम के तहत तमिलनाडु से आए ये छात्र अगले कुछ दिनों तक काशी में रहेंगे। इस दौरान वे काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे, गंगा आरती में शामिल होंगे और सारनाथ, प्रयागराज और अयोध्या समेत विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। संगमम का मुख्य उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति, भाषा, खानपान और परंपरा को एक-दूसरे से जोड़ना है। छात्र यहां के विद्यार्थियों से मिलेंगे, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और बनारसी खानपान का भी स्वाद चखेंगे।
अतिथि देवो भव की परंपरा जीवंत
बनारस स्टेशन पर हुए इस भव्य स्वागत ने एक बार फिर काशी की अतिथि देवो भव की परंपरा को जीवंत कर दिया। तमिलनाडु से आए छात्रों ने कहा कि बनारस पहुंचकर उन्हें ऐसा लगा जैसे वे अपने ही घर आए हों। काशी के लोगों का प्यार और अपनापन उन्हें लंबे समय तक याद रहेगा। स्वागत समारोह में बीएचयू कुलपति प्रो.अजीत कुमार चतुर्वेदी, डीआरएम आशीष जैन, सीनियर डीसीएम प्रशस्ति श्रीवास्तव, स्टेशन अधीक्षक विवेक सिंह, स्टेशन उपाधीक्षक सर्वेश पांडेय, क्षेत्रीय मंत्री जगदीश त्रिपाठी समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।