12 साल बाद उत्तराखंड में आज शुरू होगी मां नंदा देवी की बड़ी जात, 296 किमी दूरी पैदल तय कर पहुंचेगी कैलास
चमोली के कुरुड़ स्थित नंदा धाम से मां नंदा देवी की 12 वर्षीय बड़ी जात यात्रा आज से कैलास के लिए शुरू हो रही है।

HighLights
मां नंदा देवी की 12 वर्षीय बड़ी जात यात्रा शुरू
चमोली के कुरुड़ नंदा धाम से कैलास को रवाना
चौसिंग्या खाडू करेगा 296 किमी पैदल यात्रा का नेतृत्व
जागरण संवाददाता, गोपेश्वर। बारह वर्ष में आयोजित होने वाली मां नंदा देवी की बड़ी जात शनिवार को चमोली जिले के कुरुड़ स्थित नंदा धाम से कैलास के लिए रवाना होगी।
पांच निर्जन और 21 आबादी वाले पड़ावों से पैदल गुजरने वाली 296 किमी की इस धार्मिक यात्रा की अगुआई चौसिंग्या खाडू (चार सींग वाला मेढ़ा) करेगा। उसे 20 सितंबर को होमकुंड में देवी नंदा के साथ कैलास के लिए विदा किया जाएगा।
इसके बाद बड़ी जात विभिन्न पड़ावों से देवराड़ा के लिए वापसी करेगी। बड़ी जात का हिस्सा बनने लिए धियाणियों (ब्याहता बेटियां) के साथ ही बड़ी तादाद में प्रवासी अपने गांव पहुंचे हैं।
यह भी पढ़ें- नंदा देवी बड़ी जात: 12 साल बाद पांच सितंबर को शुरू होगी यात्रा, कही जाती है हिमालयी महाकुंभ
