जनता के बीच पहुंचकर विपक्ष का चेहरा बेनकाब करें: प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सदस्यता अभियान के माध्यम से जनता के बीच पहुंचकर विपक्ष के चेहरे को बेनकाब करें। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तराखंड में सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारें राष्ट्र के प्रति समर्पित लेकिन विपक्ष कई तरह के भ्रम पैदा कर रहा।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। भाजपा मंडल ऋषिकेश के तत्वावधान में आयोजित पार्टी सदस्यता अभियान कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व उत्तराखंड में सीएम पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास के नये कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं।
दोनों सरकारें राष्ट्र के प्रति समर्पित है, लेकिन विपक्ष जनता में कई तरह के भ्रम पैदा कर रहा है। भट्ट ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सदस्यता अभियान के माध्यम से जनता के बीच पहुंचकर विपक्ष के चेहरे को बेनकाब करें।
सोमवार को हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य महेंद्र भट्ट ने पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान के लक्ष्यों व उद्देश्यों के बारे में बताया। कहा कि देश की मजबूती के लिए पार्टी का मजबूत होना आवश्यक है।
बूथ स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने को कहा गया। जिलाध्यक्ष रविंद्र राणा ने महेंद्र भट्ट को जिले में सदस्यता अभियान की प्रगति से अवगत कराया। कहा कि जिले में पार्टी के विभिन्न मोर्चे व शाखाएं एकजुटता के साथ सदस्यता अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं।
बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुमित पंवार व संचालन महामंत्री पवन शर्मा ने किया। इस अवसर पर संजय शास्त्री, अभियान जिला संयोजक मनोज ध्यानी, जिला महामंत्री दीपक धमीजा, बृजेश शर्मा, सरोज डिमरी, इंद्र कुमार गोदवानी, जिला उपाध्यक्ष दिनेश सती, प्रतीक कालिया, विनोद भट्ट आदि उपस्थित रहे।