विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून के इंटर कॉलेज में शरारती तत्वों का धावा, दस्तावेज फाड़े और कार्यालय में लगाई आग

Updated: Thu, 27 Aug 2026 10:13 AM (IST)

देहरादून के राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज बड़ोंवाला जौलीग्रांट में शरारती तत्वों ने कार्यालय में तोड़फोड़ कर महत्वपूर्ण दस्तावेज फाड़े और कुर्सियों-मेज को आग लगा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

HighLights

  1. जौलीग्रांट कॉलेज कार्यालय में शरारती तत्वों ने की तोड़फोड़

  2. महत्वपूर्ण दस्तावेज फाड़े, कुर्सियां-मेज जलाकर आग लगाई

  3. सीसीटीवी कैमरे उखाड़े, पुलिस जांच में जुटी, सुरक्षा पर सवाल

संवाद सहयोगी, डोईवाला (देहरादून)। राजकीय आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज बड़ोंवाला जौलीग्रांट में बीती रात शरारती तत्वों ने विद्यालय के कार्यालय में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि उपद्रवियों ने जरूरी रजिस्टर और दस्तावेज फाड़ दिए, जबकि कुछ दस्तावेजों के साथ कार्यालय में रखी कुर्सियों और मेज को भी आग के हवाले कर दिया। घटना के बाद विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

शरारती तत्वों ने प्रधानाचार्य कक्ष, प्रयोगशाला और स्टाफ रूम में भी तोड़फोड़ की। इतना ही नहीं, कार्यालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को भी उखाड़कर अपने साथ ले गए। स्कूल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में घटना के बाद तीन लोग बाहर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं।

नहीं हो पा रही चेहरों की पहचान

बताया जा रहा है कि घटना रात करीब 12:30 से 1 बजे के बीच हुई। अंधेरा होने के कारण फुटेज में चेहरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो पा रही है। फुटेज में तीन लोगों में दो युवक और एक युवती के होने की संभावना जताई जा रही है।

सुबह विद्यालय खुलने पर शिक्षक कार्यालय पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। कार्यालय में बिखरे दस्तावेज, जली हुई कुर्सियां-मेज और टूटा सामान देखकर उन्होंने तत्काल स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

विद्यालय की प्रधानाचार्य कविता नौटियाल ने बताया कि कार्यालय में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य कक्ष, प्रयोगशाला और स्टाफ रूम में भी तोड़फोड़ की गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर घटना में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। घटना के बाद विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।