विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर चलती बस के टायर में लगी आग, यात्रियों में मची चीख पुकार; चालक की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

Updated: Mon, 31 Aug 2026 12:11 PM (IST)

देहरादून से दिल्ली जा रही उत्तराखंड रोडवेज की बस के टायर में शाकुंभरी चौक के पास आग लग गई। चालक ...और पढ़ें

बस के टायर में लगी आग।

बस के टायर में लगी आग।

HighLights

  1. चलती रोडवेज बस के टायर में लगी आग

  2. चालक-परिचालक की सतर्कता से सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए

  3. इस घटना ने रोडवेज बसों की फिटनेस जांच पर सवाल उठाए

जागरण संवाददाता, देहरादून। आईएसबीटी देहरादून से दिल्ली के लिए निकली उत्तराखंड परिवहन निगम की बस के टायर में आग लगने से सोमवार सुबह यात्रियों की सांसें अटक गईं। शाकुंभरी चौक के आगे देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर चलती बस के एक टायर से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते टायर में आग लग गई। चालक ने तत्काल बस रोक दी और परिचालक के साथ यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बस रुकने से बड़ा हादसा टल गया।

बस संख्या यूके 07 पीए 5202 सोमवार सुबह करीब छह बजे आईएसबीटी देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों के अनुसार, बस शुरुआत से ही सामान्य गति से नहीं चल रही थी। करीब एक घंटे बाद, सात बजे के आसपास शाकुंभरी चौक से थोड़ा आगे एक्सप्रेसवे पर पहुंचते ही बस के टायर से धुआं निकलने लगा।

देहरादून से दिल्ली जा रही बस में शाकुंभरी चौक के आगे हादसा

यात्रियों को जैसे ही इसकी भनक लगी, बस में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों को तत्काल नीचे उतारा गया। जांच करने पर एक टायर में आग लगी मिली। यात्रियों के बस से उतर जाने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

एक घंटे में खुल गई बस की फिटनेस की पोल

बस में आग लगने की घटना ने रोडवेज की बसों की फिटनेस जांच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि बस आईएसबीटी से निकलने के बाद से ही धीमी गति से चल रही थी। ऐसे में सवाल उठता है कि लंबी दूरी की यात्रा पर रवाना करने से पहले बस की तकनीकी जांच कितनी गंभीरता से की गई थी। टायर जैसी महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था में खराबी का सड़क पर चलते समय सामने आना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।

खासकर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार यातायात के बीच यदि चालक को समय पर धुआं दिखाई नहीं देता या बस समय रहते नहीं रुकती तो स्थिति भयावह हो सकती थी।

दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया दिल्ली

हादसे के बाद यात्रियों को सड़क पर ही इंतजार करना पड़ा। बाद में देहरादून से दूसरी बस की व्यवस्था की गई और यात्रियों को उसमें बैठाकर दिल्ली रवाना किया गया। यात्रियों ने रोडवेज प्रबंधन से बसों की फिटनेस जांच को लेकर गंभीरता बरतने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- देहरादून में मूसलाधार बारिश से आफत: मालदेवता में सड़क बही, घरों में घुसा पानी; कई गांव से संपर्क कटा

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मानसून की जोरदार बारिश: देहरादून, पौड़ी-रुद्रप्रयाग समेत कई जिलों में भारी बरसात का ऑरेंज अलर्ट