विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऋषिकेश के होटल में नाबालिग से रेप, बुलडोजर लेकर पहुंचे लोग... भीड़ ने की तोड़फोड़

Updated: Wed, 02 Sep 2026 09:47 AM (IST)

ऋषिकेश के होटल गंगा इन में नाबालिग से दुष्कर्म के बाद गुस्साई भीड़ ने होटल में तोड़फोड़ की और बुलडोजर ...और पढ़ें

HighLights

  1. नाबालिग से दुष्कर्म के बाद होटल में तोड़फोड़

  2. गुस्साई भीड़ ने बुलडोजर के साथ होटल घेरा

  3. पुलिस ने होटल लाइसेंस रद्द करने की रिपोर्ट भेजी

जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। नाबालिग के साथ जिस होटल में दुष्कर्म हुआ उसके संचालक और प्रबंधक की भूमिका से नाराज गुस्साई भीड़ ने होटल में पथराव और तोड़फोड़ की।

भीड़ में शामिल कुछ लोग बुलडोजर लेकर होटल के बाहर पहुंच गए। होटल संचालन से जुड़ी एक महिला और भीड़ में शामिल महिलाओं के बीच मारपीट हो गई। करीब दो घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

पुराना रेलवे रोड के पास स्थित होटल गंगा इन में शनिवार को नाबालिग के साथ दुष्कर्म के बाद होटल विवादों में घिरा हुआ था। मंगलवार को पीड़िता के स्वजन और बड़ी संख्या में लोग होटल के बाहर पहुंचे। गुस्साई भीड़ ने होटल में पथराव कर फ्रंट के शीशों को तोड़ दिया। अंदर जाकर भी तोड़फोड़ की।

होटल संचालन से जुड़ी एक महिला और भीड़ में शामिल महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई। इस दौरान मारपीट हो गई। पुलिस महिला को गाड़ी में बैठाकर वहां से ले गई। इसके बाद होटल में प्रवेश करने वाले शटर बंद कर दिए गए।

इस बीच भीड़ में शामिल कुछ लोग बुलडोजर लेकर होटल के बाहर पहुंच गए। वह होटल को गिराने या सील करने की मांग पर अड़ गए। करीब दो घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद लोग होटल के बाहर से हटे।

यह भी पढ़ें- गुनाह दिल्ली में, मातम कानपुर के गांव में; दुष्कर्म के आरोपी के घर के बाहर पसरा सन्नाटा, परिवार ने खुद को किया कैद

लाइसेंस निरस्त करने को पुलिस ने भेजी रिपोर्ट

होटल गंगा इन में हर स्तर पर लापरवाही बरती गई। पुलिस ने जब होटल के रजिस्टर खंगाले तो वहां पहले भी अधूरे दस्तावेजों के आधार पर कमरा देने की बात सामने आई। पुलिस होटल के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए प्रशासन को रिपोर्ट भेजी गई है।

नाबालिग के मामले में भी होटल के स्तर से गंभीर अनियमितता बरती गई। सोलह साल की नाबालिग को होटल में बिना उचित पहचान, बिना आवश्यक रजिस्टर प्रविष्टि के प्रवेश दिया गया। जबकि होटल प्रबंधन अगर थोड़ा भी सतर्क रहता तो आरोपित पहले ही पकड़ा जाता।

पीड़िता को होटल से बाहर ले जाने के दौरान होटल के सीसीटीवी कैमरों को बंद कर दिए गए। होटल प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करता रहा।

ऋषिकेश कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक यशपाल बिष्ट ने बताया कि होटल के लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।

तीनों आरोपित न्यायिक हिरासत में जेल भेजे

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपितों को विशेष पाक्सो न्यायालय में पेश किया। अदालत ने तीनों आरोपितों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार, देहरादून भेज दिया गया है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक यशपाल बिष्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक नवीन जोशी, उप निरीक्षक विकसित पंवार, राजकुमार, निखलेश बिष्ट, महिला उप निरीक्षक ज्योति शर्मा, हेड कांस्टेबल संदीप राठी, कांस्टेबल तेज सिंह, अभिषेक, हिमांशु शामिल रहे।

यह भी पढ़ें- ऋषिकेश: पहचान छिपाकर किशोरी से दुष्कर्म, साक्ष्य मिटाने में शामिल दोस्त की तलाश