Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तराखंड में 1.06 लाख करोड़ के करार धरातल पर उतरे, CM धामी बोले- अवरोधों को तुरंत करें दूर

    Updated: Wed, 04 Feb 2026 06:08 AM (IST)

    उत्तराखंड में वैश्विक निवेशक सम्मेलन के तहत 1.06 लाख करोड़ रुपये के करार धरातल पर उतर चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसकी समीक्षा की और अधि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    राज्य ब्यूरो, देहरादून। प्रदेश में हुए वैश्विक निवेशक सम्मेलन में हुए करार तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। यह अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि अब तक प्रदेश में 1.06 लाख करोड़ के करार धरातल पर उतर चुके हैं।

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इनकी समीक्षा करते हुए करार और एमओयू एवं परियोजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर आ रहे अवरोधों को त्वरित निस्तारित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही करारों के धरातल पर उतरने की निगरानी के लिए सभी विभागों में एक-एक नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए हैं।

    सचिवालय में मंगलवार को वैश्विक निवेशक सम्मेलन में हुए करार और इनको धरातल पर उतारने के लिए लेकर चल रहे कार्यों के संबंध में मुख्यमंत्री धामी ने उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की।

    निवेश करार को उत्तराखंड के औद्योगिक एवं आर्थिक भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने कहा कि यह राज्य में निवेशकों के विश्वास, बेहतर, कानून-व्यवस्था, सुशासन और उद्योग अनुकूल वातावरण का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

    उन्होंने निर्देश दिए कि करार को धरातल पर उतारने के लिए यदि किसी नीति में संशोधन, सरलीकरण अथवा शिथिलीकरण की आवश्यकता हो तो उसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को प्रस्तुत किया जाए।

    उन्होंने उद्योगपतियों के साथ नियमित संवाद और संपर्क बढ़ाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी बिल्कुल न हो, कार्यों पर शीघ्र निर्णय लिया जाए, टाइमलाइन के अनुसार कार्य पूरे किए जाएं।

    बैठक में सचिव सचिन कुर्वे, विनय शंकर पांडेय, रणजीत सिन्हा, एस अद्दांकी, सी रविशंकर, धीराज गर्ब्याल व अपर सचिव बंशीधर तिवारी समेत विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

    पर्यटन उद्योग व निवेश पर विशेष फोकस रखने के निर्देश

    मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सेवा सेक्टर के अंतर्गत में जिन क्षेत्रों में होटल निर्माण की व्यापक संभावनाएं हैं वहां निवेश आधारित माहौल तैयार किया जाए। उन्होंने राज्य के सभी जिलों में उद्योग मित्र समिति की बैठक कर उद्योगों से संबंधित विषयों का समाधान करने के निर्देश दिए।

    स्पिरिचुअल जोन, आयुर्वेद एम्स और भराड़ीसैंण में मंदिर निर्माण

    मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और प्राचीन गौरवशाली विरासत का केंद्र बिंदु है। इसे ध्यान में रखते हुए पारिस्थितिकी और आर्थिकी के संतुलन पर आधारित विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए आवश्यक होमवर्क किया जाए।

    उन्होंने हिंदू स्टडीज सेंटर एवं प्राच्य शोध केंद्र से संबंधित विषयों पर कार्रवाई करने, स्पिरिचुअल जोन डेवलपमेंट, भराड़ीसैंण में मंदिर एवं अन्य रचनात्मक निर्माण कार्य तथा आयुर्वेद एम्स की स्थापना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।