उत्तराखंड को मिला व्यापार सुधार-2024 का टाप अचीवर्स पुरस्कार, इन पांच श्रेणियों में सबसे आगे प्रदेश
उत्तराखंड को व्यापार सुधार-2024 के लिए 'टॉप अचीवर्स' पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राज्य को यह सम्मान देश में पांच श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला है। यह पुरस्कार उत्तराखंड में व्यापारिक माहौल को बेहतर बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है, जिससे राज्य को व्यापार में सुगमता मिली है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देशभर में सर्वोच्च स्थान। आर्काइव
राज्य ब्यूरो, जागरण, देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड ने व्यापार सुधार कार्य योजना (बीआरएपी) 2024 के अंतर्गत पांच प्रमुख सुधार श्रेणियों में ‘टाप अचीवर्स’ पुरस्कार प्राप्त कर देशभर में सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि किसी भी राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की ओर से प्राप्त सर्वोच्च मान्यता है, जो उत्तराखंड की व्यवसाय सुगमता में ऐतिहासिक छलांग को दर्शाती है।
नई दिल्ली में आयोजित उद्योग समागम 2025 के दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उत्तराखंड सरकार के उद्योग सचिव विनय शंकर पांडे और महानिदेशक एवं आयुक्त (उद्योग) डा.सौरभ गहरवार को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद भी उपस्थित रहे।
राज्य को जिन पांच सुधार श्रेणियों में शीर्ष उपलब्धि मिली, वे हैं, व्यवसाय प्रवेश, निर्माण परमिट सक्षमकर्ता, पर्यावरण पंजीकरण, निवेश सक्षमकर्ता एवं श्रम विनियमन सक्षमकर्ता। 2015 में 23वें स्थान से शुरू हुई उत्तराखंड की यह यात्रा अब राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी स्थिति तक पहुंच चुकी है। राज्य ने आवेदन, आनलाइन भुगतान, रीयल-टाइम ट्रैकिंग और नवीनीकरण जैसी सभी प्रक्रियाओं को पूर्णतया डिजिटल और पारदर्शी बनाया है। वर्तमान में 20 से अधिक विभागों की 200 सेवाएं एकल खिड़की प्रणाली के माध्यम से आनलाइन उपलब्ध हैं, जिनमें राजस्व, श्रम, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, विकास प्राधिकरण, वन, सिंचाई और विद्युत विभाग शामिल हैं। निवेशकों की सहायता के लिए राज्य ने उत्तराखंड सोसाइटी फार प्रमोशन आफ इंवेस्टमेंट, स्टार्टअप एंड एंटरप्रेन्योरशिप की स्थापना की है।
मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में हासिल की यह उपलब्धि : पांडे
उद्योग सचिव पांडे ने कहा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि पारदर्शिता, दक्षता और निवेशक केंद्रित दृष्टिकोण का परिणाम है। हम एक डिजिटल रूप से सशक्त और व्यवसाय तैयार उत्तराखंड के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।
यह भी पढ़ें- सीएम धामी का आत्मनिर्भर व विकसित उत्तराखंड के निर्माण में भागीदारी का आह्वान, अटल बिहारी बाजपेयी को किया नमन
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: सीएम धामी- मेयर और बेहड़ की गुफ्तगू से सियासी हलचल, पूर्व भाजपा विधायक के न होने से बढ़ी बात
यह भी पढ़ें- Rajat Jayanti Uttarakhand: सीएम धामी ने की राज्य आंदोलनकारी और उनके आश्रितों की पेंशन बढ़ाने की घोषणा
‘हमारा लक्ष्य राज्य को औद्योगिक निवेश के लिए देश का अग्रणी गंतव्य बनाना है। व्यापार सुधार 2024 में सर्वोच्च पुरस्कार मिलना हमारी नीतिगत पारदर्शिता, उद्योग अनुकूल वातावरण और निवेशकों के विश्वास का प्रमाण है। औद्योगिक विकास प्रदेश की समृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का माध्यम बन रहा है। व्यापार सुधार 2024 में देश के शीर्ष राज्यों में स्थान पाना निवेशकों को उत्तराखंड की ओर आकर्षित करेगा और राज्य की आर्थिक ग्रोथ को नई गति देगा।’
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।