मैकडोनाल्ड में बदबूदार प्याज से बन रहे थे बर्गर, मीट प्रोडक्ट... आइसक्रीम-डेजर्ट बिक्री पर रोक
खाद्य सुरक्षा विभाग ने हरिद्वार में मैकडोनाल्ड सहित कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की, जहां मैकडोनाल्ड में बर्गर में बदबूदार प्याज ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता हरिद्वार। रक्षा बंधन और जन्माष्टमी पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने शनिवार को हरिद्वार, ज्वालापुर, पिरान कलियर और रुड़की में रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों और ऑनलाइन खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनाल्ड रेस्टोरेंट में बर्गर और अन्य खाद्य पदार्थों में बदबूदार, खराब और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त कटे प्याज का इस्तेमाल होता मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम-डेजर्ट के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी। साथ ही रेस्टोरेंट के खाद्य लाइसेंस के निलंबन की संस्तुति की गई है।
खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने पेंटागन मॉल स्थित मैकडोनाल्ड का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बर्गर सहित अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे कटे प्याज की गुणवत्ता बेहद खराब मिली। प्याज से दुर्गंध आ रही थी और उसे मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त पाया गया।
इसके अलावा खाद्य पदार्थों के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले टॉर्टिला रैप के लेबल पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि मिटाई गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि नामिनी बदलने के बावजूद खाद्य लाइसेंस में नए नामिनी का इंडोर्समेंट नहीं कराया गया था। वहीं लाइसेंस में मीट एवं मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम एवं डेजर्ट की खाद्य श्रेणियां भी दर्ज नहीं थीं।
इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मौके पर ही मीट प्रोडक्ट तथा आइसक्रीम-डेजर्ट के निर्माण और बिक्री पर रोक लगा दी। जांच के लिए आइसक्रीम डेजर्ट में इस्तेमाल होने वाले कोटेड क्रिस्पीज और बटर स्कॉच चॉकलेट डिप के दो नमूने भी लिए गए।
ऑनलाइन स्टोर में भी मिली अनियमितता
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने आर्यनगर और ज्वालापुर क्षेत्र में प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। आर्यनगर स्थित पिलपकार्ट के ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफार्म से जुड़े इंस्टाकार्ट प्रतिष्ठान में निरीक्षण के दौरान कर्मचारी मेडिकल रिकॉर्ड, पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल और स्टॉक संबंधी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के सहायक आयुक्त खाद्य और कानपुर के खाद्य सुरक्षा अधिकारी सस्पेंड, FSDA कमिश्नर रोशन जैकब ने की कार्रवाई
खाद्य सामग्री का रखरखाव और भंडारण भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिला। इस पर प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया। वहीं पटियाला, पंजाब की एक देशी घी निर्माता कंपनी को भ्रामक दावों के संबंध में नोटिस दिया गया। मौके से देशी घी, भुना चना और दाल के एक-एक नमूने जांच के लिए लिए गए।
उर्स मेले में भी जांच, चार नमूने लिए
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कपिल देव ने उर्स मेले के मद्देनजर पिरान कलियर क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। यहां से इलायची दाना, सोन हलवा, सोया रिफाइंड तेल और हल्दी पाउडर के चार नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए।
रुड़की में मिठाई दुकानों पर कार्रवाई
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडेय ने रुड़की शहर में मिठाई की दुकानों और रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया। टीम ने बेसन लड्डू, चॉकलेट बर्फी और चॉकलेट टॉफी के नमूने लिए। कार्रवाई के दौरान पुरानी तहसील और मुख्य बाजार क्षेत्र में कई दुकानें बंद होने लगीं।
12 नमूने जांच को भेजे
पूरे अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 12 खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए। विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति रही।
यह भी पढ़ें- रसायन से बन रहा था पनीर, दो खाद्य सुरक्षा अधिकारी निलंबित; चार डेरी संचालक पर रिपोर्ट दर्ज
