सितारगंज सड़क हादसा: पत्नी-बेटी खोकर टूटे मुकेश की मार्मिक पुकार, मासूम राधिका पूछ रही- 'मम्मी कब आएंगी'?
सितारगंज में हुए सड़क हादसे में मुकेश कुमार ने अपनी पत्नी और सात साल की बेटी को खो दिया। हादसे ...और पढ़ें

मीनू देवी. File Photo

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अविनाश श्रीवास्तव, सितारगंज। एक झटके में किसी ने अपना पूरा परिवार खो दिया हो तो उसके दर्द को शब्दों में बयां करना आसान नहीं होता। शनिवार को आरके ढाबे के पास हुए सड़क हादसे ने मुकेश कुमार से उसकी पत्नी और सात साल की मासूम बेटी छीन ली।
एक ही झटके में उसका हंसता-खेलता संसार उजड़ गया। पुलिस के सामने मुकेश की आंखों से आंसुओं की धार थमने का नाम नहीं ले रही थी। वह बार-बार एक ही गुहार लगा रहा था- साहब! एक बार मुझे उस व्यक्ति का चेहरा दिखा दो, जिसने मेरी पूरी जिंदगी खत्म कर दी। मेरा पूरा आशियाना उजाड़ दिया।
पसरा मातम
पत्नी मीनू देवी और छोटी बेटी अनिष्का को खोने के बाद मुकेश बदहवास था। उसकी आंखों में आंसू थे और जुबां पर बस एक ही सवाल कि आखिर उसके परिवार के साथ ऐसा क्यों हुआ। जिस पत्नी और बेटी के साथ उसे दिन बिताने थे, वे अब कभी लौटकर नहीं आएंगी। जिस घर में कुछ देर पहले तक बच्चों की आवाजें गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है।
दूसरी ओर हादसे में बाल-बाल बची दस वर्षीय बड़ी बेटी राधिका भी सदमे में थी। मां और छोटी बहन को खोने का दर्द शायद अभी उसकी समझ से परे था। वह सहमी हुई बार-बार अपने पिता को फोन कर एक ही सवाल पूछ रही थी- पापा, मम्मी और छोटी बहन कब तक घर आएंगी।
मासूम राधिका को क्या पता कि जिनका वह इंतजार कर रही है, वे अब कभी वापस नहीं आएंगे। एक तरफ पत्नी और छोटी बेटी को खो चुका पिता अपनी किस्मत पर आंसू बहा रहा था, तो दूसरी तरफ मां और बहन के लौटने की उम्मीद लगाए बैठी मासूम बेटी का सवाल हर किसी का कलेजा चीर रहा था।
हादसे ने एक परिवार से उसकी खुशियां छीन लीं। पीछे रह गए पिता और बेटी के लिए अब जिंदगी का हर दिन इस असहनीय पीड़ा के साथ गुजरेगा। मुकेश कुमार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मथुरा के पास के निवासी हैं। वह पिछले करीब 10 वर्षों से दड़ा फार्म की उत्तरांचल कॉलोनी सितारगंज में रहते हैं। मुकेश पेस्टिसाइड कंपनी में एमआर का कार्य करते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।