कोलकाता की दुर्गा आंगन भूमि पर अंबानी परिवार बनवाएगा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर, मिलेगा निःशुल्क प्रसाद
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने घोषणा की कि कोलकाता के न्यूटाउन में 17 एकड़ भूमि पर अंबानी परिवार भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण करेगा।

दुर्गा आंगन भूमि पर अंबानी परिवार बनवाएगा भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर।
HighLights
अंबानी परिवार न्यूटाउन में तिरुपति बालाजी मंदिर बनाएगा।
17 एकड़ भूमि पर होगा भव्य मंदिर का निर्माण।
मुख्यमंत्री की शर्त पर श्रद्धालुओं को मिलेगा निःशुल्क प्रसाद।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता के न्यूटाउन इलाके में पिछली तृणमूल सरकार द्वारा घोषित 'दुर्गा आंगन' (मंदिर) वाली 17 एकड़ जमीन पर अब भव्य तिरुपति बालाजी मंदिर का निर्माण किया जाएगा।
न्यूटाउन में एक काली पूजा पंडाल के उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस भूमि को अंबानी परिवार खरीदकर तिरुपति बालाजी मंदिर बनवाएगा।
मालूम हो कि बंगाल में गत विधानसभा चुनाव से कुछ माह पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यहां ‘दुर्गा आंगन' का शिलान्यास किया था। शुभेंदु ने बताया कि गत 21 सितंबर को मुंबई स्थित अंबानी निवास ‘एंटीलिया’ में गणेशोत्सव में शामिल होने के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और उनके बेटे अनंत अंबानी से इस संबंध में मेरी बात हुई थी।
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने आगे बताया कि मैंने उनके सामने केवल एक शर्त रखी है कि जो भी श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए आएं, उसे निःशुल्क प्रसाद दिया जाए। वे इस शर्त पर तुरंत सहमत हो गए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार इस जमीन को वाणिज्यिक दरों पर बेचने के बजाय उचित मूल्य पर अंबानी परिवार को उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि पूर्व सरकार ने यहां के सनातनी समाज को खुश करने के लिए मंदिर बनाने की बात कही थी।
गौरतलब है कि पहले न्यूटाउन में ही एक अन्य स्थान तय किया गया था, लेकिन जमीन मालिकों के विरोध के बाद सरकार को पीछे हटना पड़ा था। इसके बाद दबाव में आकर वर्तमान 17 एकड़ भूमि पर दुर्गा आंगन की नींव रखी गई थी।