बंगाल में बाबरी मस्जिद पर घमासान, 6 दिसंबर को हाईवे जाम करेंगे हुमायूं कबीर; 5 लाख लोगों के जुटने का दावा
मुर्शिदाबाद के विधायक हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को बेलडांगा में बाबरी मस्जिद से जुड़े कार्यक्रम के दिन राष्ट्रीय राजमार्ग-34 ...और पढ़ें

बंगाल में बाबरी मस्जिद पर घमासान।
HighLights
हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर को NH-34 जाम करने की धमकी दी।
बाबरी मस्जिद कार्यक्रम के लिए 5 लाख लोगों के जुटने का दावा।
भाजपा और TMC ने हुमायूं कबीर के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुर्शिदाबाद के नउदा से विधायक और आम जनता उन्नयन पार्टी के अध्यक्ष हुमायूं कबीर ने छह दिसंबर को बेलडांगा में प्रस्तावित बाबरी मस्जिद से जुड़े कार्यक्रम के दिन राष्ट्रीय राजमार्ग-34 जाम करने की चेतावनी दी है।
उन्होंने प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा कि यदि उसमें रोकने की ताकत है तो रोककर दिखाए। हुमायूं ने दावा किया कि उस दिन रेजीनगर से बहरमपुर तक करीब 30 किलोमीटर का राष्ट्रीय राजमार्ग उनके समर्थकों के नियंत्रण में रहेगा। उन्होंने बेलडांगा में पांच लाख लोगों के जुटने का भी दावा किया है।
हुमायूं ने रविवार को बेलडांगा में बाबरी मस्जिद परिसर में आयोजित बैठक में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि कृष्णनगर, डोमकल, जलंगी, सैंथिया, कांदी और बर्द्धमान की ओर से भी लोग मुर्शिदाबाद पहुंचेंगे। उनके मुताबिक, कई मार्गों पर चार-पांच घंटे तक प्रदर्शन और सड़क अवरोध किया जा सकता है। हालांकि उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके समर्थक कानून-व्यवस्था नहीं तोड़ेंगे।
भाजपा ने मुख्यमंत्री का नाम लेकर दी चुनौती
हुमायूं के बयान पर भाजपा ने पलटवार किया है। पार्टी की ओर से कहा गया कि वह यह न भूलें कि अब राज्य में सरकार बदल चुकी है और मुख्यमंत्री के साथ गृह विभाग की जिम्मेदारी भी शुभेंदु अधिकारी के पास है। भाजपा ने कहा कि रेजीनगर से बहरमपुर तक सड़क जाम करने की बात कहने से पहले उन्हें यह देखना चाहिए कि प्रशासन उन्हें ऐसा करने देगा या नहीं। समय आने पर इसका जवाब मिल जाएगा।
ममता तृणमूल के विधायक कुणाल घोष ने भी हुमायूं के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस का विरोध तृणमूल करती रही है, लेकिन हुमायूं 2019 में भाजपा के उम्मीदवार रह चुके हैं। घोष ने आरोप लगाया कि हुमायूं की धर्म आधारित राजनीति का प्रत्यक्ष और परोक्ष लाभ भाजपा को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर इस तरह के मुद्दों को फिर से उठाया जाएगा।
87 करोड़ रुपये की लागत से मस्जिद बनाने का दावा
हुमायूं ने दावा किया कि प्रस्तावित मस्जिद दो मंजिला होगी और इसके निर्माण पर करीब 87 करोड़ रुपये खर्च होंगे। मुख्य भवन में 80 हजार लोगों के नमाज पढ़ने की व्यवस्था होगी, जबकि परिसर में 20 हजार अन्य लोगों के लिए भी जगह बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि मस्जिद का उद्घाटन छह दिसंबर 2028 को होगा। परिसर के बेसमेंट में बाहर से आने वाले लोगों के ठहरने के लिए कमरे भी बनाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि छह दिसंबर 1992 को अयोध्या में विवादित ढांचा विध्वंस हुआ था। इसी तारीख को प्रतीकात्मक रूप से चुनकर हुमायूं ने बेलडांगा में मस्जिद निर्माण की घोषणा की थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।