बंगाल में जनवरी से लागू होगी 'भरोसा' योजना, बेरोजगार ग्रेजुएट्स को हर महीने मिलेंगे 2000 रुपये
पश्चिम बंगाल सरकार जनवरी 2027 से 'भरोसा' कार्यक्रम शुरू करेगी, जिसके तहत बेरोजगार स्नातक और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को 2,000 रुपये, जबकि गैर-स्नातकों को 1,500 रुपये मासिक सहायता मिलेगी।

बंगाल में बेरोजगार युवाओं को मिलेगा भरोसा योजना का सहारा (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
जनवरी 2027 से 'भरोसा' कार्यक्रम पश्चिम बंगाल में लागू होगा।
स्नातकों को 2,000 रुपये, गैर-स्नातकों को 1,500 रुपये मासिक सहायता।
यह योजना 'युवा साथी' का नया, विस्तारित स्वरूप है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में बेरोजगार युवक-युवतियों को आर्थिक सहायता देने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई वाली सरकार जनवरी 2027 से 'भरोसा' कार्यक्रम (योजना) शुरू करने जा रही है।
सोमवार को राज्य सचिवालय नवान्न में हुई मंत्रिमंडल (कैबिनेट) की बैठक में इस योजना को मंजूरी दे दी गई। कैबिनेट बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने बताया कि इसके तहत स्नातक और सरकारी आईटीआई संस्थानों से और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को हर महीने 2,000 रुपये, जबकि गैर-स्नातक युवाओं को 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत पहली किस्त फरवरी के दूसरे सप्ताह में लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। यह योजना पूर्ववर्ती ममता बनर्जी सरकार की युवा साथी योजना का नया स्वरूप होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने इसका नाम बदलकर भरोसा कार्यक्रम कर दिया है।
कैबिनेट से इसकी मंजूरी मिल गई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि फिलहाल अगले 15 महीने तक निर्धारित दर से आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके बाद 2028-29 के वित्त वर्ष से स्नातकों को 3,000 रुपये और गैर-स्नातकों को 2,000 रुपये प्रतिमाह देने का लक्ष्य है।
बताते चलें कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव के समय अपने चुनावी संकल्प पत्र में बेरोजगार स्नातकों को 3,000 रुपये और गैर-स्नातकों को 2,000 रुपये मासिक सहायता देने का वादा किया था। हालांकि, सोमवार को मुख्यमंत्री ने फिलहाल इससे कम राशि देने की घोषणा की।
उन्होंने इसके लिए राज्य की मौजूदा आर्थिक जिम्मेदारियों और महंगाई भत्ते (डीए) के बकाये के भुगतान का हवाला दिया। मुख्यमंत्री ने वादे के अनुरूप तत्काल पूरी राशि नहीं दे पाने पर बेरोजगार युवाओं से खेद भी जताया।
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि नई व्यवस्था में केवल स्नातक ही नहीं, बल्कि सरकारी आईटीआई और व्यावसायिक प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को भी 2,000 रुपये मासिक सहायता के दायरे में रखा गया है। सरकार का कहना है कि इस आर्थिक मदद से नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अन्य जरूरी खर्चों में सहारा मिलेगा।
54 लाख लाभार्थियों के दस्तावेजों का होगा सत्यापन
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि पूर्ववर्ती ममता बनर्जी की पहले की युवा साथी योजना के तहत लगभग 54 लाख लाभार्थियों का डाटा डिजिटाइज किया गया है। अब नए भरोसा कार्यक्रम के तहत इन लाभार्थियों के दस्तावेजों और पात्रता का दोबारा सत्यापन किया जाएगा। जो पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करेंगे, उन्हें सूची से बाहर किया जा सकता है। पहले आवेदन नहीं कर पाने वाले युवाओं के लिए भी नए सिरे से आवेदन का अवसर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि एक परिवार से अधिकतम दो सदस्य ही इस योजना का लाभ ले सकेंगे। पहले से अन्नपूर्णा योजना का लाभ लेने वालों को भरोसा कार्यक्रम से बाहर रखने का भी प्रावधान बताया गया है। मुख्यमंत्री ने भरोसा कार्यक्रम को बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलने तक आर्थिक सहारा देने की पहल बताया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।