दुर्गा पूजा, दिवाली और छठ पर पूर्व रेलवे चलाएगा 29 स्पेशल ट्रेनें, यहां देखिए पूरी डिटेल
पूर्व रेलवे ने दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे आगामी त्योहारों के लिए यात्रियों की भीड़ को देखते हुए व्यापक तैयारी ...और पढ़ें

त्योहारों पर पूर्व रेलवे चलाएगा 29 स्पेशल ट्रेनें

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोलकाता । आगामी त्योहारी सीजन दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ से निपटने के लिए पूर्व रेलवे ने व्यापक तैयारी की है। पूर्व रेलवे, जिसका मुख्यालय कोलकाता में है, ने अब तक 29 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है, जिसे अधिसूचित भी कर दिया है।
पूर्व रेलवे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक (पीसीसीएम) डा. उदय शंकर झा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि ये ट्रेनें अप दिशा में 299 और डाउन दिशा में 299 यानी कुल 598 फेरे लगाएंगी। इनमें हावड़ा, सियालदह, कोलकाता, आसनसोल, मालदा टाउन और भागलपुर से न्यू जलपाईगुड़ी, पटना, गोरखपुर, रक्सौल, वाराणसी, दिल्ली, अमृतसर सहित विभिन्न शहरों के लिए स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं।

(पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक गीतिका पांडेय और पीसीसीएम डा उदय शंकर झा। रेलवे)
पीसीसीएम के अनुसार त्योहारी मांग को देखते हुए पूर्व रेलवे की ओर से जल्द ही चार से पांच और स्पेशल ट्रेनों को अधिसूचित किया जाएगा। पूर्व रेलवे द्वारा जारी विवरण के मुताबिक स्पेशल ट्रेनें एक अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच चलेंगी।
यात्रियों की सर्वाधिक मांग 15 अक्टूबर से 30 नवंबर के बीच रहने का अनुमान है। पीसीसीएम डा. झा ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों के अलावा अन्य रेलवे जोनों द्वारा चलाई जाने वाली सात स्पेशल ट्रेनें भी पूर्व रेलवे क्षेत्र से होकर गुजरेंगी।
इनके अप और डाउन दिशा में 50-50 यानी कुल 100 फेरे अधिसूचित किए गए हैं। इस तरह यात्रियों को विभिन्न दिशाओं के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे।
इन प्रमुख रूटों पर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
अधिसूचित ट्रेनों में 03129 कोलकाता-न्यू जलपाईगुड़ी स्पेशल 17 अक्टूबर से 29 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार और रविवार चलेगी और इसके 14 फेरे होंगे। 03005 हावड़ा-लालगढ़ 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार, जबकि 03041 हावड़ा-रक्सौल 15 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और 03043 हावड़ा-रक्सौल 17 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार चलेगी। इन तीनों ट्रेनों के 7-7 फेरे निर्धारित हैं।
सियालदह से भी बिहार और उत्तर प्रदेश के लिए कई ट्रेनें चलेंगी। 03135 सियालदह-पटना स्पेशल 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, 03133 सियालदह-सीतामढ़ी स्पेशल 16 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और 03131 सियालदह-गोरखपुर स्पेशल 13 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार व गुरुवार चलेगी। पहली दो ट्रेनों के 7-7 और सियालदह-गोरखपुर के 14 फेरे होंगे।
कोलकाता स्टेशन से 03185 और 03187 कोलकाता-मुंबई स्पेशल के 7-7 फेरे होंगे। इसके अलावा 03107 कोलकाता-अमगुरी स्पेशल के सात, 05095 कोलकाता-मऊ के आठ, 05931 कोलकाता-डिब्रूगढ़ के नौ, 05059 कोलकाता-लखनऊ स्पेशल के आठ, 01912 कोलकाता-आगरा कैंट स्पेशल के नौ, 04158 कोलकाता-कानपुर सेंट्रल स्पेशल के आठ, 04311 कोलकाता-योग नगरी ऋषिकेश स्पेशल के छह और 04623 कोलकाता-अमृतसर स्पेशल के आठ फेरे निर्धारित किए गए हैं।
आसनसोल से 03511 आसनसोल-पटना स्पेशल के आठ और 03527 आसनसोल-गोरखपुर स्पेशल के सात फेरे होंगे। 04186 आसनसोल-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्पेशल आठ अक्टूबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और सोमवार चलेगी और इसके 16 फेरे होंगे। वहीं मालदा टाउन से 03465 मालदा टाउन-दीघा स्पेशल के सात, 03435 मालदा टाउन-आनंद विहार टर्मिनल के सात, 09034 मालदा टाउन-उधना स्पेशल के नौ और 06566 मालदा टाउन-एसएमवीटी बेंगलुरु के आठ फेरे निर्धारित हैं।
भागलपुर से 09452 भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल के नौ और 04061 भागलपुर-आनंद विहार टर्मिनल के सर्वाधिक 47 फेरे होंगे। वहीं 02023 हावड़ा-पटना स्पेशल के नौ फेरे निर्धारित हैं। 04051 हावड़ा-नई दिल्ली स्पेशल आठ अक्टूबर से एक नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार चलेगी और इसके 24 फेरे होंगे। इसके अतिरिक्त 05047 कोलकाता-वाराणसी स्पेशल सात अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार चलेगी और इसके आठ फेरे होंगे।
