'ममता बनर्जी ने मतुआ समुदाय में विभाजन कराया', सीएम शुभेंदु ने बोला हमला
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने ठाकुरनगर में ममता बनर्जी पर मतुआ समुदाय में विभाजन कराने और CAA का विरोध करने का ...और पढ़ें

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की तस्वीर (फाइल)।
HighLights
शुभेंदु अधिकारी ने ममता पर मतुआ समुदाय को बांटने का आरोप लगाया।
CAA के तहत मतुआ समुदाय को नागरिकता का भरोसा दिया।
ठाकुरनगर में ठाकुरबाड़ी पहुंचकर की पूजा-अर्चना।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को मतुआ समुदाय के गढ़ उत्तर 24परगना जिले के ठाकुरनगर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने मतुआ समाज में विभाजन कराया।
उन्होंने मतुआ समुदाय के हितों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार ने इस समुदाय के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने ममता बनर्जी पर नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) का विरोध करने और इसको लेकर मतुआ समुदाय को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।
नागरिकता मिलने का दिया भरोसा
शुभेंदु ने सीएए के माध्यम से मतुआ समुदाय के सभी पात्र लोगों को नागरिकता मिलने का भी भरोसा दिया। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद से सीएए के तहत नागरिकता देने की प्रक्रिया काफी तेज हुई है।
मुख्यमंत्री ने ठाकुरबाड़ी में की पूजा-अर्चना
मई में मुख्यमंत्री बनने के बाद शुभेंदु पहली बार ठाकुरनगर पहुंचे। केंद्रीय राज्यमंत्री व अखिल भारतीय मतुआ महासंघ के प्रमुख शांतनु ठाकुर एवं उनकी पत्नी व बागदा की भाजपा विधायक सोमा ठाकुर के आमंत्रण पर पहुंचे शुभेंदु ने ठाकुरबाड़ी में पूजा-अर्चना और आरती भी की। इसके बाद वह मतुआ गोसाईं सम्मेलन में शामिल हुए।
सीएम का हुआ जोरदार स्वागत
मुख्यमंत्री शुभेंदु दोपहर करीब एक बजे ठाकुरनगर स्थित मतुआ ठाकुरबाड़ी पहुंचे। वह हेलीकाप्टर से गायघाटा के चांदपाड़ा इलाके में बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरे। वहां केंद्रीय राज्यमंत्री शांतनु ठाकुर, उनके पिता एवं पूर्व मंत्री मंजुल कृष्ण ठाकुर समेत महासंघ के प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। हेलीपैड से शुभेंदु यशोर रोड और चांदपाड़ा-ठाकुरनगर सड़क के रास्ते करीब आठ किलोमीटर की दूरी तय कर ठाकुरबाड़ी पहुंचे। सुबह से ही मतुआ श्रद्धालु और गोसाईं वहां जुटने लगे थे। ढाक के साथ मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया गया।
मंदिर में की पूजा
मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मतुआ समुदाय के आराध्य हरिचंद ठाकुर मंदिर और फिर गुरुचंद ठाकुर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह नाटमंदिर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मतुआ गोसाईं सम्मेलन के मंच पर पहुंचे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।