20 साल पहले भी यौन टिप्पणी में घिरे थे एआई चिप दिग्गज हुआंग, कई प्रमुख लोगों की चली गई थी नौकरी
वर्ष 2007 में कैलिफोर्निया की एक अदालत में दायर मुकदमे में कंपनी के तत्कालीन सीईओ जेनसन हुआंग पर कर्मचारियों को धमकाने, उन पर चिल्लाने और यौन संकेतों वाली टिप्पणियां करने के आरोप लगाए गए थे।

20 साल पहले भी यौन टिप्पणी में घिरे थे एआई चिप दिग्गज हुआंग (फोटो- रॉयटर)
HighLights
आपत्ति जताने पर कंपनी के पहले इन-हाउस वकील और मानव संसाधन प्रमुख की गई थी नौकरी
अमेरिकी वाणिज्य मंत्री स्काट बेसेंट ने कहा, चीन को चिप निर्यात पर नए प्रतिबंधों की जरूरत नहीं
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। करीब दो दशक पुराने एक विवाद ने दुनिया की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के पूर्व प्रमुख जेनसन हुआंग के व्यवहार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वर्ष 2007 में कैलिफोर्निया की एक अदालत में दायर मुकदमे में कंपनी के तत्कालीन सीईओ जेनसन हुआंग पर कर्मचारियों को धमकाने, उन पर चिल्लाने और यौन संकेतों वाली टिप्पणियां करने के आरोप लगाए गए थे।
अदालत में दाखिल दस्तावेजों के मुताबिक, कंपनी के कुछ वरिष्ठ अधिकारियों ने भी उनके व्यवहार पर आपत्ति जताई थी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, एनवीडिया के पहले इन-हाउस वकील स्टीफन पेटिग्रू ने आरोप लगाया था कि हुआंग कर्मचारियों को नियमित रूप से डराते-धमकाते और उन पर चिल्लाते थे।
पेटिग्रू के वकीलों ने अदालत में कहा था कि हुआंग यौन क्रियाओं की नकल करते हुए अश्लील टिप्पणियां भी करते थे। पेटिग्रू का दावा था कि कंपनी के अधिकारियों के व्यवहार पर सवाल उठाने के कारण उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया।
कंपनी के मानव संसाधन विभाग के तत्कालीन वरिष्ठ उपाध्यक्ष माइकल विंस्टन ने भी 2005 में भेदभाव की शिकायत दर्ज कराई थी। उनका आरोप था कि हुआंग के व्यवहार पर आपत्ति जताने और उसे यौन उत्पीड़न मानने के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया।
ट्रंप बोले, चिनफिंग ने हुआंग की प्रशंसा की इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हुआंग की कंपनी में वापसी की पैरवी की है।
आईएएनएस के अनुसार, उन्होंने कहा कि हुआंग को गंभीरता से माफी मांगनी चाहिए और एनवीडिया में लौटना चाहिए। हालांकि, ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह किस मामले में माफी मांगने की बात कर रहे हैं।
उन्होंने एनवीडिया के ब्लैकवेल चिप्स के विकास में हुआंग की भूमिका की सराहना भी की। उन्होंने ये भी दावा किया कि चीन दौरे पर राष्ट्रपति शी चिनफिंग के सामने भी हुआंग का जिक्र हुआ। चिनफिंग ने हुआंग की काफी प्रशंसा की।
चीन को चिप निर्यात पर अब नए प्रतिबंध नहीं एपी के अनुसार, अमेरिकी वाणिज्य मंत्री स्काट बेसेंट ने कहा है कि चीन को एनवीडिया के चिप निर्यात पर अतिरिक्त प्रतिबंध लगाने की जरूरत नहीं है।
उनके मुताबिक, प्रशासन के मौजूदा आदेश पर्याप्त हैं और चीन की अन्य देशों में स्थापित अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर तक दूरस्थ पहुंच भी रोक दी गई है। हालांकि, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों की समिति की एक रिपोर्ट ने इस मुद्दे पर चिंता बढ़ाई है।
रिपोर्ट के अनुसार, 11 मई 2026 तक वाणिज्य विभाग ने चीन से जुड़े संबंधों वाली कंपनियों को एनवीडिया और एएमडी के 8,79,868 चिप्स के निर्यात, पुनः निर्यात या हस्तांतरण की मंजूरी दी थी।
इन कंपनियों में अलीबाबा, टेनसेंट, बायडू और बीवाईडी शामिल हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इन मंजूरियों का अर्थ यह नहीं है कि चिप्स की बिक्री वास्तव में पूरी हो चुकी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।