Trending

    ईरान हमलों पर ब्रिटेन-अमेरिका में दरार, ट्रंप बोले- तुष्टीकरण और मुस्लिम वोट बैंक के लिए स्टार्मर ने बदले सुर

    Updated: Wed, 04 Mar 2026 06:59 AM (IST)

    स्टार्मर की आलोचना करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका रुख मददगार नहीं रहा। एएनआइ के अनुसार, ट्रंप ने संकेत दिया कि स्टार्मर का फैसला मुस्लिम मतदाताओं को सा ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    तुष्टीकरण और मुस्लिम वोट बैंक के लिए स्टार्मर ने बदले सुर: ट्रंप (फोटो- रॉयटर)

    जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ईरान पर अमेरिकी हमलों को लेकर अमेरिका और ब्रिटेन के तथाकथित 'विशेष संबंध' में दरार और गहरी होती दिख रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लगातार दूसरी बार ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीएर स्टार्मर की आलोचना करते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्तों का इस तरह कमजोर होना दुखद है।

    स्टार्मर की आलोचना करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका रुख मददगार नहीं रहा। एएनआइ के अनुसार, ट्रंप ने संकेत दिया कि स्टार्मर का फैसला मुस्लिम मतदाताओं को साधने की राजनीति से जुड़ा हो सकता है।

    रॉयटर के अनुसार, ब्रिटिश अखबार द सन को दिए साक्षात्कार में ट्रंप ने कहा कि उन्हें ब्रिटेन के समर्थन की जरूरत नहीं थी, लेकिन शुरुआती हिचक निराशाजनक रही। उन्होंने यह भी कहा कि अब फ्रांस और जर्मनी जैसे यूरोपीय देशों के साथ अमेरिका के संबंध अधिक मजबूत हैं।

    ट्रंप ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ब्रिटेन इस तरह अमेरिकी कार्रवाई से दूरी बनाएगा। गौरतलब है कि स्टार्मर ने पहले स्पष्ट किया था कि ब्रिटेन ने अमेरिका और इजरायल द्वारा तेहरान पर किए गए हमलों में भाग नहीं लिया, क्योंकि किसी भी सैन्य कार्रवाई के लिए व्यवहार्य और सुविचारित योजना तथा स्पष्ट कानूनी आधार आवश्यक है।

    उन्होंने यह भी कहा कि वह आसमान से शासन परिवर्तन के पक्ष में नहीं हैं। हालांकि बाद में ब्रिटेन ने सीमित और रक्षात्मक उद्देश्यों के लिए अमेरिकी बलों को अपने ठिकानों के उपयोग की अनुमति दी। स्टार्मर के फैसले को ब्रिटेन में मिली जुली प्रतिक्रिया मिली है।

    व्हाइट हाउस पत्रकारों के रात्रिभोज में शामिल होंगे ट्रंप

    राष्ट्रपति ट्रंप ने घोषणा की है कि वह 25 अप्रैल को होने वाले व्हाइट हाउस संवाददाता संघ के वार्षिक रात्रिभोज में शामिल होंगे। राष्ट्रपति बनने के बाद यह पहला अवसर होगा जब वह इस परंपरागत कार्यक्रम में भाग लेंगे।

    ट्रंप ने इंटरनेट मीडिया पर बताया कि उन्हें इस वर्ष के समारोह में सम्मानित अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है और वह इसे स्वीकार करते हुए गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। 1924 में राष्ट्रपति कैल्विन कूलिज की उपस्थिति से शुरू हुई परंपरा में अब तक लगभग सभी राष्ट्रपतियों ने भाग लिया है। ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल में इस कार्यक्रम का बहिष्कार किया था।