विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले बड़ा संकट: चुनाव आयोग की वेबसाइट पर साइबर हमला, ऑनलाइन सेवाएं ठप

Published: Thu, 29 Oct 2026 02:00 AM (IST)

चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि एक साइबर हमलावर आयोग के सिस्टम में सेंध लगाने की कोशिश कर ...और पढ़ें

अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले चुनाव आयोग के ऑनलाइन सिस्टम पर साइबर हमला (फोटो- सोशल मीडिया)

अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले चुनाव आयोग के ऑनलाइन सिस्टम पर साइबर हमला (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. एफईसी के इलेक्ट्रॉनिक फाइलिंग सिस्टम को हैकरों ने बनाया निशाना

  2. ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित, सेवा बहाल की प्रक्रिया जारी

एएनआई, न्यूयॉर्क। अमेरिका में तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनाव से कुछ दिन पहले संघीय चुनाव आयोग (एफईसी) के इलेक्ट्रानिक फाइलिंग सिस्टम को हैकरों ने निशाना बनाया, जिससे उसकी ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बाधित हो गईं। रायटर की एक विशेष रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

एफईसी ने बताया कि उसका इलेक्ट्रॉनिक फाइलिंग सिस्टम बंद है और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सेवाएं बहाल करने में जुटा है।

चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि एक साइबर हमलावर आयोग के सिस्टम में सेंध लगाने की कोशिश कर रहा था, जिसके कारण वेब सेवाएं अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ीं है।

इस व्यवधान के कारण राजनीतिक संगठनों को चुनावी खर्च से जुड़ी अनिवार्य 24 और 48 घंटे की रिपोर्ट दाखिल करने में परेशानी हुई। हालांकि, पहले से जमा रिपोर्ट देखने के लिए आयोग की वेबसाइट उपलब्ध रही।

बाद में एफईसी ने बताया कि समस्या की पहचान कर ली गई है और उसे ठीक करने की प्रक्रिया जारी है। एफईसी उम्मीदवारों और राजनीतिक समितियों के चुनावी खर्च पर नजर रखता है, लेकिन वह चुनावों का संचालन नहीं करता।

इसलिए इस घटना से मतदाताओं की वोटिंग प्रभावित होने की आशंका नहीं है। यह घटना ऐसे समय हुई है, जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के कांग्रेस में बहुमत पर फैसला होना है।

चुनाव में प्रतिनिधि सभा की सभी 435 सीटों और सीनेट की लगभग एक-तिहाई सीटों पर मतदान होगा। ट्रंप ने चुनाव में धांधली की जानकारी देने वालों के लिए 10 लाख डॉलर के इनाम की घोषणा भी की है। उन्होंने कहा है कि वह निष्पक्ष चुनाव होने पर परिणामों का सम्मान करेंगे।