AI टैलेंट की जंग: चीन की फैक्ट्री में बन रहे वैज्ञानिक, अमेरिका बटोर रहा मलाई; भारत की क्या है स्थिति?
दुनिया में AI प्रतिभा की होड़ में अमेरिका और चीन आगे हैं, जबकि भारत अपने वैज्ञानिकों को रोक पाने में विफल रहा है। भारत से बेहतरीन AI विशेषज्ञ विदेश जा रहे हैं, जिससे देश AI अनुसंधान और विकास में पिछड़ रहा है।

भारत AI प्रतिभाओं को देश में रोकने में लगातार विफल हो रहा है (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की नई दुनिया में अब सिर्फ टेक्नोलॉजी कंपनियों के अरबपति ही सुर्खियों में नहीं हैं। फेई-फेई ली, काइमिंग हे और अनिमा आनंदकुमार जैसे वैज्ञानिक तकनीक के असली 'रॉक स्टार' बन चुके हैं।
लोग उनके रिसर्च, संस्थान और करियर के फैसलों पर उतनी ही बारीकी से नजर रखते हैं, जितनी सिलिकॉन वैली के बड़े उद्योगपतियों पर रखते हैं। इनमें स्टैनफोर्ड की AI विशेषज्ञ फेई-फेई ली खास हैं, जिन्होंने मॉडर्न डीप-लर्निंग क्रांति लाने में अहम भूमिका निभाई है।
AI वैज्ञानिक बन रहे असली 'रॉक स्टार'
काइमिंग हे के 'रेजनेट' (ResNet) आर्किटेक्चर ने कंप्यूटर विजन के क्षेत्र में बड़ा बदलाव किया, जिससे गहरे न्यूरल नेटवर्क को प्रशिक्षित करना संभव हो गया।
वहीं, IIT मद्रास की पूर्व छात्रा और कैल्टेक-एनवीडिया (Caltech-Nvidia) के साथ काम करने वालीं अनिमा आनंदकुमार 'न्यूरल ऑपरेटर्स' की सूत्रधार हैं।
यह AI तकनीकों का एक नया टाइप है, जो जटिल भौतिक घटनाओं को सीख सकता है और उनका सिमुलेशन (नकल) कर सकता है। ये वे दिग्गज हैं जो उस तकनीक को आकार दे रहे हैं, जो भविष्य में आर्थिक और भू-राजनीतिक ताकतों को तय करेगी।
AI की दौड़ में सबसे आगे कौन?
AI की दौड़ में, अब सबसे कीमती संसाधन तेल, सोना या बेह्तारीन इलेक्ट्रॉनिक्स बनाने के लिए जरूरी दुर्लभ खनिज नहीं रह गया हैं। अब सबसे बड़ा संसाधन 'मानवीय बुद्धिमत्ता' है खासकर ऐसे वैज्ञानिकों को तैयार करना, उन्हें आकर्षित करना और अपने पास बनाए रखने की क्षमता, जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का निर्माण कर सकें।
असल में, जहां एक तरफ अमेरिका, चीन जैसी मजबूत होती ताकत के सामने अपनी तकनीकी बढ़त बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ भारत लगभग हर पैमाने पर पीछे छूट रहा है। इसके अलावा, भारत जो बेहतरीन AI प्रतिभाएं तैयार कर पाता है, वे भी अमेरिका चली जाती हैं।
कार्नेगी एंडोमेंट के एक महत्वपूर्ण विश्लेषण से पता चलता है कि दुनिया के प्रमुख AI और मशीन-लर्निंग सम्मेलनों में से एक, 'NeurIPS 2025' में जिन 10,280 शोधकर्ताओं के शोध-पत्र स्वीकार किए गए, उनमें से अधिकांश चीन और अमेरिका के थे।
भारत इस मामले में काफी पीछे है, क्योंकि वह अपने बेहतरीन AI विशेषज्ञों को अपने देश में रोक कर रखने में नाकाम रहा है। इन प्रमुख शोधकर्ताओं में से लगभग 60% ने चीन में अपनी स्नातक की पढ़ाई की है, जबकि अमेरिका में ऐसा करने वालों की संख्या केवल 13% है।
भारत में पढ़कर विदेश जा रहे छात्र
चीन अब अपने प्रतिभाशाली लोगों को अपने ही देश में बनाए रखने पर भी जोर दे रहा है। वर्तमान में 41% शोधकर्ता वहीं काम कर रहे हैं। अमेरिका में काम कर रहे 3,514 प्रमुख शोधकर्ताओं में से लगभग 35.7% ने चीन में और 34.5% ने अमेरिका में पढ़ाई की है।
ये दोनों मिलकर अमेरिका के शीर्ष AI शोध कार्यबल का लगभग 70% हिस्सा बनाते हैं। इसके विपरीत, भारत में पढ़ाई करने वाले AI शोधकर्ताओं की संख्या केवल 285 (यानी 8.1%) है। यह आंकड़ा भारत के लिए निराशाजनक होना चाहिए, जहां AI शिक्षा को लेकर बातें तो बहुत होती हैं, लेकिन काम बहुत कम हुआ है।
जहां चीन ने AI के क्षेत्र में 4000 से अधिक शोधकर्ताओं को शिक्षित किया है, वहीं भारत से केवल 411 शोधकर्ता ही सामने आए हैं, और भी चौंकाने वाली बात यह है कि भारत में पढ़ाई करने वाले शोधकर्ताओं में से केवल 10% ही भारत में रुके; बाकी लगभग 370 (यानी 90%) लोग विदेश चले गए, जिनमें से ज्यादातर अमेरिका गए।
हालांकि, प्रतिभाओं को अपनी ओर खींचने वाले अमेरिका में अब राजनीतिक उथल-पुथल चल रही है। वहां की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कुछ हलकों में इस बात को लेकर संदेह बढ़ रहा है कि चीनी लोग अमेरिका की उन्नत तकनीक तक पहुंच बना रहे हैं।
खासकर हाल ही में 'एनवीडिया' (Nvidia) से जुड़े विवाद के बाद।
इस शक भरे माहौल का असर चीन में जन्मे शोधकर्ताओं पर भी पड़ रहा है। शुक्रवार को इसका एक उदाहरण तब देखने को मिला, जब रीगन नेशनल एयरपोर्ट पर आव्रजन अधिकारियों ने ईवा यी ज़ी (Eva Yi Xie) को हिरासत में ले लिया।
MIT की पूर्व छात्रा की हिरासत
चीन में जन्मीं जी, प्रिंसटन में डॉक्टरेट की छात्रा और MIT की पूर्व छात्रा हैं। इस घटना ने शैक्षणिक जगत में हलचल मचा दी है।जी, जो किशोरावस्था में अमेरिका आई थीं और जिनका शरण का मामला अभी लंबित है, एक न्यूरोसाइंस सम्मेलन से लौटते समय हिरासत में ली गईं।
उनके वकीलों का कहना है कि उनके पास वैध 'वर्क ऑथराइजेशन' था, जबकि डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी उनके पढाई करने की अनुमति पर सवाल उठा रहा है।
उन पर जासूसी करने या एनवीडिया (Nvidia) जांच से जुड़े होने का कोई आरोप नहीं है, लेकिन उनका मामला यह दिखाता है कि किस तरह आव्रजन (इमिग्रेशन) को लेकर बढ़ती सख्ती उस अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय को ही परेशान कर सकती है।
विदेश पलायन भारत के लिए बड़ी चुनौती
भारत की समस्या केवल प्रतिभा अपने देश में रोकने में विफलता नहीं है, बल्कि पर्याप्त उच्च-स्तरीय शोधकर्ता तैयार न कर पाना है। कार्नेगी अध्ययन के अनुसार 2022 में चीन ने विज्ञान-इंजीनियरिंग में 53,000 PhD दिए, अमेरिका ने 2023 में 45,000, जबकि भारत ने 2021 में मात्र 23,000।
कंप्यूटर साइंस में भारत की 621 PhD के मुकाबले अमेरिका की 2,874 थीं। वैश्विक AI साइटेशन में भारत की हिस्सेदारी 3.2% से 6% हुई, चीन की 22.5% रही। AI पेटेंट में चीन 70%, भारत जीरो पर है। स्टैनफोर्ड AI इंडेक्स 2025 के अनुसार अमेरिका ने 40, चीन ने 15 प्रमुख मॉडल बनाए, भारत ने कोई मॉडल नहीं बनाए।
कार्नेगी अध्ययन के अनुसार 2022 से 2025 के बीच शीर्ष एआई शोधकर्ताओं में भारत की हिस्सेदारी दो प्रतिशत घटी है। इन शोधकर्ताओं को तैयार करने वाले प्रमुख विश्वविद्यालयों की सूची में भारत का कोई संस्थान नहीं है। इसके विपरीत चीन की पेकिंग यूनिवर्सिटी शीर्ष पर रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।