Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ईरान ने वेंस को भेजा गोपनीय संदेश, कुशनर-विटकाफ पर लगाए युद्ध से मुनाफे के आरोप

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 08:59 PM (IST)

    ईरान ने स्विट्जरलैंड में हुई अप्रत्यक्ष वार्ता के दौरान अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को एक गोपनीय संदेश भेजा, जिसमें जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ पर ...और पढ़ें

    ईरान ने जेंडी वेंस को गोपनीय संदेश भेजा (फाइल फोटो)

    ईरान ने जेंडी वेंस को गोपनीय संदेश भेजा (फाइल फोटो)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण न्यूज नेटवर्क, वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच जारी कूटनीतिक खींचतान के बीच अमेरिकी मीडिया संस्थान ड्राप साइट न्यूज की एक रिपोर्ट ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। रिपोर्ट में एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी के हवाले से दावा किया गया है कि पिछले महीने स्विट्जरलैंड में हुई अप्रत्यक्ष वार्ता के दौरान ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के लिए एक गोपनीय संदेश भेजा था।

    इसमें आरोप लगाया गया कि राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और उनके दामाद जेरेड कुशनर पश्चिम एशिया में लंबे समय तक शांति स्थापित नहीं होने देना चाहते और युद्ध की परिस्थितियों से वित्तीय लाभ उठा रहे हैं।

    रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने यह भी आरोप लगाया कि कुशनर वार्ता से जुड़ी संवेदनशील जानकारी इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू तक पहुंचाते रहे। ईरानी अधिकारी का दावा है कि अप्रैल में वार्ता शुरू होने से पहले भी पाकिस्तान के माध्यम से ट्रंप प्रशासन को संदेश भेजकर विटकाफ की भूमिका पर आपत्ति जताई गई थी।

    ईरान ने मांगा मुनाफे में आधा हिस्सा

    रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि ईरान ने मध्यस्थों को एक लिखित दस्तावेज सौंपा, जिसमें आरोप लगाया गया कि ट्रंप के करीबी लोगों ने कूटनीतिक घटनाक्रमों और युद्ध संबंधी सूचनाओं का फायदा उठाकर वित्तीय बाजारों में कथित रूप से करीब नौ अरब डॉलर का मुनाफा कमाया। ईरान ने व्यंग्यात्मक लहजे में यह भी कहा कि यदि ऐसा हुआ है तो उसमें से 4.5 अरब डॉलर ईरान को दिए जाने चाहिए।

    खबरें और भी

    व्हाइट हाउस ने कहा कि ईरान का कोई संदेश नहीं मिला। हालांकि, व्हाइट हाउस ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि उपराष्ट्रपति जेडी वेंस या उनकी टीम को ऐसा कोई संदेश नहीं मिला।

    व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अन्ना केली ने भी बयान जारी कर कहा कि यह रिपोर्ट तथ्यों पर आधारित नहीं है और ड्राप साइट न्यूज ईरानी प्रचार का माध्यम बन रहा है। वहीं, जेरेड कुशनर और स्टीव विटकॉफ ने इस मामले पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है।

    रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया कि तेहरान, ट्रंप प्रशासन के अन्य अधिकारियों की तुलना में जेडी वेंस को अपेक्षाकृत अधिक व्यवहारिक और संवाद के लिए तैयार नेता मानता है। वेंस के करीबी सूत्रों के हवाले से कहा गया कि उपराष्ट्रपति विभिन्न पक्षों के साथ बातचीत के रास्ते खुले रखने के पक्षधर हैं।

    हालांकि, वर्ष 2015 के ईरान परमाणु समझौते से जुड़े पूर्व अमेरिकी वार्ताकार राबर्ट मैले ने कहा कि ईरान का वेंस से संपर्क साधने का प्रयास रणनीतिक रूप से समझा जा सकता है, लेकिन अमेरिकी विदेश नीति का अंतिम निर्णय राष्ट्रपति ट्रंप के हाथ में ही रहेगा। फिलहाल ड्राप साइट न्यूज की रिपोर्ट में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।