विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'वेनेजुएला का पुनर्जन्म होगा', ट्रंप की कैद में कैसे दिख रहे हैं निकोलस मादुरो? 240 दिन बाद सामने आई तस्वीर

Updated: Mon, 31 Aug 2026 04:30 PM (IST)

वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की अमेरिकी हिरासत से 240 दिन बाद पहली तस्वीर सामने आई है।

240 दिन बाद सामने आई निकोलस मादुरो की तस्वीर

240 दिन बाद सामने आई निकोलस मादुरो की तस्वीर

HighLights

  1. निकोलस मादुरो की अमेरिकी हिरासत से पहली तस्वीर सामने आई।

  2. मादुरो ने वेनेजुएला के लोगों को प्यार और उम्मीद का संदेश दिया।

  3. तस्वीरें 25 जून की हैं, जब वेनेजुएला में भूकंप आए थे।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को अमेरिकी सेना 2 से 3 जनवरी की दरमियानी रात उनके घर से उठाकर ले गई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के कहने पर निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फोर्स को वेनेजुएला से गिरफ्तार कर अमेरिका ले जाया गया।

इस घटना के अब करीब आठ महीने बाद निकोलस मादुरो की पहली तस्वीर सामने आई है। मादुरो ने ये पोस्ट खुद अपने सोशल मीडिया हैंडल से शेयर की है। इस पोस्ट में मादुरो ने वेनेजुएला के लोगों के लिए खास संदेश भी दिया है।

ट्रंप की कैद में निकोलस मादुरो

निकोलस मादुरो के आधिकारिक सोशल-मीडिया अकाउंट्स पर रविवार, 30 अगस्त के दिन दो तस्वीरें पोस्ट की गईं। इनमें वेनेज़ुएला के पूर्व राष्ट्रपति ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में मुस्कुराते और शांति का संकेत दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।

63 साल के मादुरो ग्रे स्वेटशर्ट और ट्राउजर पहने हुए दिखे। हालांकि ये तस्वीरें 30 अगस्त को जारी की गईं, लेकिन उन पर लगे टाइमस्टैम्प से पता चलता है कि ये 25 जून को शाम 6 बजकर 5 मिनट पर ली गई थीं।

Nicolas Maduro (2)

मादुरो का खास संदेश

निकोलस मादुरो ने अपनी फोटो शेयर करते हुए पोस्ट में लिखा, 'प्यार और उम्मीद का एक छोटा सा तोहफा। मैं ये तस्वीरें अपने सभी पोते-पोतियों, लड़के-लड़कियों और उन सभी नेक लोगों को एक छोटे से तोहफे के तौर पर भेज रहा हूं जो हमसे प्यार करते हैं।'

मादुरो ने एक और पोस्ट में आगे लिखा, 'मैं चाहता हूं कि आप जानें कि हम मजबूती से खड़े हैं और हमारे दिल आपके प्यार से भरे हैं। वह प्यार जो हम तक प्रार्थना, लगातार काम, एकजुटता और सच्चे समर्थन के रूप में पहुंचता है। वेनेजुएला का पुनर्जन्म होगा। आपके हर शब्द, हर इशारे और हर आशीर्वाद के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।'

निकोलस मादुरो की जिस दिन ये तस्वीरें ली गई हैं, उसी दिन 25 जून को वेनेजुएला में 7.2 और 7.5 तीव्रता के दो भूकंप आए थे। ये तस्वीर भूकंप के बाद ली गई है। 25 अगस्त तक इस भूकंप से मरने वालों की संख्या बढ़कर 6,509 हो गई थी।

Nicolas Maduro (3)

240 दिन से अमेरिका की कैद में मादुरो

निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को अमेरिकी सेना ने इस साल की शुरुआत में ही कैद कर लिया था। मादुरो का यह संदेश ऐसे समय में आया है जब कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के नेतृत्व वाली सरकार वाशिंगटन के साथ संबंधों के एक नए चरण में प्रवेश कर रही है, खासकर वेनेज़ुएला के विशाल तेल भंडार को लेकर।

राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने शुक्रवार, 28 अगस्त को बताया कि अमेरिका ने निजी कारोबार के साथ साझेदारी के जरिए वेनेज़ुएला के 65 अरब बैरल से ज्यादा के प्रमाणित तेल भंडार पर बहुमत नियंत्रण हासिल कर लिया है।

यह भी पढ़ें- घोड़ागाड़ी के दौर में दुनिया को दी इलेक्ट्रिक ट्रेन, बेहद दिलचस्प है 'फादर ऑफ द थर्ड रेल' की कहानी