अमेरिका के बड़े हिस्से में फैला कनाडा के जंगलों की आग का धुआं, फीफा वर्ल्ड कप से पहले न्यूयॉर्क में खड़ी हुई परेशानी
कनाडा के जंगलों में लगी आग से निकला धुआं गुरुवार को मिडवेस्ट से लेकर नार्थईस्ट तक अमेरिका के एक बड़े हिस्से में फैल गया। इससे दृश्यता काफी कम हो गई। अ ...और पढ़ें

अमेरिका के बड़े हिस्से में फैला कनाडा के जंगलों की आग का धुआं (फोटो- रॉयटर)
HighLights
अधिकारियों ने की लोगों से घरों के अंदर रहने की अपील
फीफा वर्ल्ड कप से पहले न्यूयॉर्क में भी छाया धुआं
रॉयटर, वाशिंगटन। कनाडा के जंगलों में लगी आग से निकला धुआं गुरुवार को मिडवेस्ट से लेकर नार्थईस्ट तक अमेरिका के एक बड़े हिस्से में फैल गया। इससे दृश्यता काफी कम हो गई। अमेरिकी अधिकारियों ने लोगों को चेतावनी दी कि जहां तक हो सके वे घर के अंदर रहें और तीक्ष्ण व खराब हवा से बचें।
मॉनिटरिंग कंपनी आइक्यूएयर के मुताबिक, गुरुवार को डेट्राइट में दुनिया के किसी भी शहर के मुकाबले हवा की गुणवत्ता सबसे खराब थी। यह 600 सूचकांक पर थी, जो अमेरिकी पर्यावरण सुरक्षा एजेंसी द्वारा खतरनाक माने जाने वाले स्तर से दोगुना है।
संघीय आंकड़ों के अनुसार मिनेसोटा, मिशिगन, नादर्न इलिनोइस, नादर्न ओहायो एवं ओंटारियो में धुएं का स्तर खतरनाक था, जबकि मिनियापोलिस, मिल्वौकी व टोरंटो में भी सूचकांक खतरनाक स्तर पर दर्ज किया गया।
मिनेसोटा से लेकर मैरीलैंड तक कुल 10 राज्यों में हवा खराब रही। न्यूयार्क में आसमान धुंध से ढका हुआ था और हवा से तीखी गंध आ रही थी। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से बाहर कम निकलने की अपील की और दिल व फेफड़ों की बीमारी से ग्रस्त लोगों, गर्भवती महिलाओं या बुजुर्गों को घर के अंदर रहने के प्रति चेताया।
न्यूयॉर्क की यह स्थिति रविवार को फीफा वर्ल्ड कप फाइनल से पहले हुई हैं, जो रविवार को नजदीकी न्यूजर्सी में 80,000 से अधिक दर्शकों की उपस्थिति में खेला जाएगा।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार सुबह तक पूरे कनाडा में आग की 858 सक्रिय घटनाएं हुईं, जिनमें से 111 को काबू से बाहर माना गया। अधिकतर घटनाएं मैनिटोबा, सस्केचेवान और ओंटारियो प्रांतों में हुई थीं।
कनाडा में जंगलों की आग से अब तक लगभग 24 लाख हेक्टेयर (59 लाख एकड़) जमीन जल चुकी है। जलवायु विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ते तापमान की वजह से दुनियाभर में जंगलों में आग की घटनाएं व उनकी तीव्रता बढ़ रही है। इसका धुआं सामान्य वायु प्रदूषण से अधिक जहरीला होता है।