अमेरिकी फेडरल रिजर्व का बड़ा फैसला: ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं, महंगाई अब भी ऊंचे स्तर पर
अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने बुधवार को ब्याज दरों को 3.75 से 4 प्रतिशत के मौजूदा दायरे में बरकरार रखा। केंद्रीय ...और पढ़ें

अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में नहीं किया बदलाव
HighLights
ब्याज दरों को 3.75 से 4 प्रतिशत के मौजूदा दायरे में बरकरार रखा
समिति ने माना कि महंगाई अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई
रॉयटर, वाशिंगटन। अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने बुधवार को ब्याज दरों को 3.75 से 4 प्रतिशत के मौजूदा दायरे में बरकरार रखा। केंद्रीय बैंक ने महंगाई की स्थिति का आकलन करने के लिए और आंकड़ों का इंतजार करने का फैसला किया है।
फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) ने 10-2 के मत से ब्याज दरों को स्थिर रखने का निर्णय लिया। हालांकि, समिति ने माना कि महंगाई अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। उसने अमेरिकी अर्थव्यवस्था के आकलन को भी पहले के मुकाबले बेहतर बताते हुए इसे मजबूत करार दिया।
समिति ने अपने बयान में कहा कि अतिरिक्त जानकारी से यह तय करने में मदद मिलेगी कि महंगाई को दो प्रतिशत के लक्ष्य पर समय रहते वापस लाने के लिए कैसी मौद्रिक नीति अपनाई जाए।
फेडरल रिजर्व की गवर्नर लिसा कुक और क्लीवलैंड फेड की अध्यक्ष बेथ हैमैक ने फैसले से असहमति जताई। दोनों ने ब्याज दर में 0.25 प्रतिशत की वृद्धि का समर्थन किया।
यह फैसला ऐसे समय आया है, जब तीन नवंबर को होने वाले अमेरिकी मध्यावधि चुनाव से पहले महंगाई और जीवनयापन की बढ़ती लागत प्रमुख राजनीतिक मुद्दे बने हुए हैं। ऊर्जा की ऊंची कीमतों से परिवहन, कृषि और अन्य क्षेत्रों की लागत भी बढ़ रही है।
निवेशकों को आशंका है कि महंगाई पर काबू पाने के लिए दिसंबर से ब्याज दरों में फिर बढ़ोतरी की जा सकती है और यह सिलसिला 2027 तक जारी रह सकता है। ब्याज दरों को स्थिर रखने के फैसले के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में मामूली बदलाव देखा गया।
