मुनाफे के लिए राष्ट्रपति पद की गरिमा गिरा रहे ट्रंप, सर्वे के दावों पर व्हाइट हाउस ने कहा- देशहित में कर रहे काम
सर्वे के मुताबिक, केवल 20 प्रतिशत लोगों का मानना है कि ट्रंप कुछ गलत नहीं कर रहे हैं। करीब 50 ...और पढ़ें

मुनाफे के लिए राष्ट्रपति पद की गरिमा गिरा रहे ट्रंप- सर्वे (फोटो- रॉयटर)
HighLights
60 प्रतिशत अमेरिकी बोले, निजी वित्तीय हितों को दे रहे तरजीह
व्हाइट हाउस ने आरोपों को नकारा, कहा- देशहित में कर रहे काम
एपी, न्यूयॉर्क। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर अपने पद का इस्तेमाल निजी मुनाफा कमाने के लिए करने के आरोप लग रहे हैं।
एसोसिएटेड प्रेस और एनओआरसी सेंटर फॉर पब्लिक अफेयर्स रिसर्च के सर्वे में 60 प्रतिशत अमेरिकी नागरिकों ने माना कि ट्रंप अवैध या अनैतिक तरीके से आर्थिक लाभ उठा रहे हैं।
लोगों का यह भी मानना है कि वह आम नागरिकों की जरूरतों के बजाय अपने वित्तीय हितों को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं। हालांकि, व्हाइट हाउस ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ट्रंप पूरी ईमानदारी से देश के लिए काम कर रहे हैं।
सर्वे के मुताबिक, केवल 20 प्रतिशत लोगों का मानना है कि ट्रंप कुछ गलत नहीं कर रहे हैं। करीब 50 प्रतिशत लोगों ने कहा कि दूसरे कार्यकाल में व्हाइट हाउस लौटने के बाद उन्होंने अपने निजी वित्तीय हितों को प्राथमिकता दी है।
वहीं, 25 प्रतिशत का मानना है कि ट्रंप देश और अपने वित्तीय हितों को बराबर महत्व दे रहे हैं।
कारोबार और परिवार पर उठे सवाल
सर्वे में 56 प्रतिशत लोगों ने कहा कि ट्रंप अपने निजी कारोबार पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं, जबकि 54 प्रतिशत का मानना है कि वह दोस्तों और परिवार के कारोबारी हितों को तरजीह दे रहे हैं। करीब 10 प्रतिशत लोगों ने कहा कि ट्रंप अपने जैसे लोगों के हितों पर अधिक ध्यान देते हैं।
ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में न्यूयार्क टाइम्स को दिए एक साक्षात्कार में हितों के टकराव से इनकार किया था।
अपने पहले कार्यकाल के विपरीत, इस बार उन्होंने परिवार के कारोबारी सौदों पर लगाई गई कुछ पाबंदियां हटा दीं और नए क्रिप्टो कारोबार शुरू किए। संघीय वित्तीय खुलासों में उन्होंने नए क्रिप्टो कारोबारों से एक अरब डालर की कमाई की जानकारी दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, संयुक्त अरब अमीरात के शाही परिवार ने ट्रंप के क्रिप्टो कारोबार में 50 करोड़ डालर का निवेश किया।
अमेरिका में कानूनी संकट का सामना कर रहे एक चीनी अरबपति की क्रिप्टोकरेंसी कंपनी ने भी उनके कारोबार में निवेश किया है। इसके अलावा, ट्रंप ऑर्गनाइजेशन ने रियल एस्टेट क्षेत्र में आठ देशों में समझौते किए हैं।
समर्थकों में भी मतभेद
सर्वे में 40 प्रतिशत लोगों ने कहा कि ट्रंप कुछ गैरकानूनी कर रहे हैं, जबकि 20 प्रतिशत ने उनके व्यवहार को अनैतिक, लेकिन गैरकानूनी नहीं माना। डेमोक्रेटिक समर्थकों में 80 प्रतिशत का मानना है कि ट्रंप ने कानून तोड़ा है।
इसके विपरीत, रिपब्लिकन समर्थकों में 30 प्रतिशत ने माना कि ट्रंप अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं। इनमें 10 प्रतिशत ने उनके काम को गैरकानूनी और 20 प्रतिशत ने अनैतिक, लेकिन गैरकानूनी नहीं बताया।
