Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चीन को ज्यादा तेल-गैस की आपूर्ति को रूस तैयार, बीजिंग का दौरा करेंगे पुतिन

    Updated: Wed, 15 Apr 2026 11:29 PM (IST)

    रूस ने चीन को अधिक तेल और गैस की आपूर्ति का आश्वासन दिया है। विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बीजिंग में राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात कर पश्चिम एशिया ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    लावरोव ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात की। (रॉयटर्स)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रूस ने चीन को आश्वस्त किया है कि वह उसे ज्यादा मात्रा में तेल और गैस की आपूर्ति के लिए तैयार है। इस आशय का बयान बीजिंग पहुंचे रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दिया है। माना जा रहा है कि पश्चिम एशिया में बनी स्थिति पर चर्चा के साथ ही लावरोव ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्रस्तावित चीन दौरे के संबंध में चीनी नेताओं से बात की है।

    चार वर्षों से जारी यूक्रेन युद्ध के दौरान जब यूरोपीय देशों ने रूस से तेल और गैस का आयात कम किया तब रूस ने चीन और भारत को अपना निर्यात बढ़ाया। अब रूस इन दोनों देशों को अपने उत्पादों का 80 प्रतिशत हिस्सा निर्यात कर रहा है।

    बीजिंग के अपने दौरे में लावरोव ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से भी मुलाकात की और कहा कि रूस-चीन संबंधों में परस्पर विश्वास और सहयोग समय के साथ बढ़ता जा रहा है। इसके चलते दोनों देश एक-दूसरे के हित सुरक्षित कर रहे हैं।

    पुतिन की बीजिंग यात्रा की तारीख का एलान नहीं

    दोनों देशों ने पुतिन की बीजिंग यात्रा की तारीख का एलान नहीं किया है लेकिन माना जा रहा है कि रूसी राष्ट्रपति 18 मई को चीन दौरे पर आ सकते हैं। जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का चीन दौरा 14 और 15 मई को प्रस्तावित है।

    पुतिन के चीन दौरे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने का कार्यक्रम नहीं- दिमित्री

    क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रपति पुतिन के चीन दौरे में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मिलने का कार्यक्रम नहीं है। बीजिंग में प्रेस कॉन्फ्रेंस में लावरोव ने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रही अशांति से बाधित हुई तेल और गैस की आपूर्ति से हो रही कठिनाई से निपटने में रूस चीन और अन्य देशों की मदद को तैयार है।

    लावरोव ने कहा, रूस सभी मित्र देशों के साथ तेल क्षेत्र में बराबरी के आधार पर कार्य करने और लाभ में हिस्सेदारी देने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, अमेरिका द्वारा वैश्विक ऊर्जा बाजार को अस्थिर करने के अमेरिका के प्रयास से निपटने के लिए रूस और चीन मिलकर कार्य करने को तैयार हैं।

    (समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)