भारत-जापान ने आर्थिक दबाव पर जताई चिंता, 2+2 वार्ता में रणनीतिक और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमति
विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने टोक्यो में जापान के साथ 2+2 वार्ता की, जहां वैश्विक अनिश्चितता के बीच संसाधनों को हथियार बनाने और आर्थिक दबाव पर चिंता व्यक्त की गई।

भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता (फोटो-एएनआइ)
HighLights
संसाधनों और आपूर्ति शृंखलाओं के हथियार के रूप में उपयोग पर चिंता।
रणनीतिक और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर भारत-जापान की सहमति।
सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति शृंखला मजबूत करने पर जोर।
डिजिटल डेस्क, टोक्यो। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने गुरुवार को वैश्विक अनिश्चितता के बीच संसाधनों, संपर्क मार्गों और आपूर्ति शृंखलाओं को हथियार के रूप में इस्तेमाल किए जाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई। जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत और जापान ने विशिष्ट पनडुब्बी और मिसाइल टेक्नोलाजी में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है।
यहां गुरुवार को हुई चौथी भारत-जापान टू प्लस टू वार्ता में दोनों देशों के बीच रणनीतिक और रक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी और आर्थिक दबाव को लेकर चिंता जताई गई।
भारत-जापान की टू प्लस टू वार्ता
भारत-जापान की टू प्लस टू मंत्रिस्तरीय वार्ता में आर्थिक सुरक्षा सहयोग मजबूत करने, आपूर्ति शृंखलाओं को बनाने और सेमीकंडक्टर, क्रिटिकल मिनिरल्स और स्वच्छ ऊर्जा जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई गई।
वार्ता के बाद जारी किए गए संयुक्त बयान में दोनों पक्षों ने आर्थिक दबाव को लेकर गहरी चिंता जताई। इसमें मनमाने निर्यात प्रतिबंधों और बाजार के सिद्धांतों से इतर नीतियों और तौर-तरीकों का भी उल्लेख किया गया, जिनसे जरूरत से अधिक उत्पादन होता है और महत्वपूर्ण उद्योगों की वैश्विक आपूर्ति शृंखलाएं बाधित होती हैं।
हालांकि, बयान में आर्थिक दबाव और निर्यात प्रतिबंधों को लेकर जताई गई चिंता के संदर्भ में किसी देश या नेता का नाम नहीं लिया गया।
संयुक्त बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने निष्पक्ष व प्रतिस्पर्धी वैश्विक माहौल बनाए रखने और समान विचारधारा वाले साझेदारों के बीच भरोसेमंद आपूर्ति शृंखलाएं स्थापित करने और उन्हें सुरक्षित रखने के महत्व पर सहमति जताई।
वार्ता के बाद मीडिया से बातचीत में जयशंकर ने कहा कि नई दिल्ली और टोक्यो हिंद-प्रशांत को स्वतंत्र और खुला बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस प्रयास में क्वाड के अन्य साझेदार भी उनके साथ हैं। यह बयान दो दिन पहले मनीला में हुए क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन के बाद आया है।
इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज शामिल हुए थे।
जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों ने संसाधनों, संपर्क मार्गों और आपूर्ति शृंखलाओं को हथियार के रूप में इस्तेमाल किए जाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर चर्चा की।
इन घटनाक्रमों में से कई का राष्ट्रीय सुरक्षा पर सीधा असर पड़ता है। उन्होंने पश्चिम एशिया के मद्देनजर संपर्क और अहम समुद्री मार्गों को लेकर चिंताओं का भी जिक्र किया और समुद्री व्यापार का निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के महत्व पर जोर दिया। जबकि रक्षा सहयोग पर राज
नाथ सिंह ने कहा कि भारत और जापान विशिष्ट पनडुब्बी और मिसाइल प्रौद्योगिकियों में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए हैं। टू प्लस टू में जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइजुमी और विदेश मंत्री तोशीमित्सु मोतेगी शामिल हुए। दोनों देशों ने हाल ही में समुद्री सुरक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी सहमत हुए।
भारत और जापान के बीच कूटनीतिक संबंधों की स्थापना की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर एक लोगो लांच किया गया। इस मौके पर जयंशकर और उनके जापानी समकक्ष मौजूद रहे।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- अमेरिकी कोर्ट ने अजीत डोभाल और सामंत गोयल के खिलाफ समन भेजने का दिया आदेश, पन्नू की हत्या की साजिश का मुकदमा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।