विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इजरायल में सरकार गठन पर सियासी घमासान तेज: आइजनकोट ने नेतन्याहू को गठबंधन वार्ता के लिए दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:08 AM (IST)Updated: Sun, 29 Nov 2026 07:44 AM (IST)

इजरायल में राजनीतिक गतिरोध के बीच विपक्षी नेता गादी आइसेनकोट ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को गठबंधन वार्ता के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

आइजनकोट ने नेतन्याहू को गठबंधन वार्ता के लिए दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

आइजनकोट ने नेतन्याहू को गठबंधन वार्ता के लिए दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

HighLights

  1. नेतन्याहू आइसेनकोट के साथ मिलकर रोटेशन वाली सरकार चलाने के लिए तैयार हैं

  2. आइसेनकोट ने आठ दिन में नई सरकार के गठन का विश्वास जताया है

डिजिटल डेस्क, यरुशलम। इजरायल में राजनीतिक गतिरोध के बीच विपक्षी नेता गादी आइसेनकोट ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को गठबंधन वार्ता के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। यह कदम नेतन्याहू द्वारा राष्ट्रीय एकता सरकार के गठन के लिए आइजनकोट को पहले प्रधानमंत्री पद सौंपने का प्रस्ताव देने के बाद उठाया गया है।

इजरायल में नई सरकार के गठन के लिए गतिविधियां तेज हैं। जो तस्वीर बन रही है उसमें याशर पार्टी के नेता और पूर्व सेना प्रमुख गादी आइसेनकोट का प्रधानमंत्री बनना लगभग तय हो गया है।

कार्यवाहक प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू आइसेनकोट के साथ मिलकर रोटेशन वाली सरकार चलाने के लिए तैयार हैं। इसके लिए वह आइसेनकोट को पहले प्रधानमंत्री बनने का मौका देने के लिए तैयार हो गए हैं।

शनिवार देर शाम उन्होंने इस आशय की औपचारिक घोषणा कर दी। इस बीच आइसेनकोट ने आठ दिन में नई सरकार के गठन का विश्वास जताया है। इजरायल की संवैधानिक व्यवस्था के अनुसार छह दिसंबर तक वहां पर नई सरकार का गठन होना है।

इजरायल में आइसेनकोट नेतन्याहू के नेतृत्व वाले दक्षिणपंथी गठबंधन के सहयोग से प्रधानमंत्री बन सकते हैं और अरब पार्टियों के सहयोग से भी सत्ता का शीर्ष पद संभाल सकते हैं।

इजरायली न्यूज चैनल 13 की रिपोर्ट के अनुसार नेतन्याहू किसी भी सूरत में सत्ता से दूर होना नहीं चाहते हैं। इसलिए उन्होंने रोटेशन पर सरकार चलाने और पहले खुद प्रधानमंत्री बनने का दावा छोड़ने का फैसला किया है।

अब वह पहले आइसेनकोट को प्रधानमंत्री पद देने के लिए तैयार हो गए हैं और एक निश्चित समय के बाद खुद सत्ता संभालेंगे। अरब पार्टियों के साथ मिलकर सरकार बनाने से हिचक रहे आइसेनकोट दो हफ्ते से यही चाह रहे थे और अब उनकी यह मांग पूरी हो गई है।

आईएएनएस के अनुसार मनोनीत प्रधानमंत्री आइसेनकोट ने छह दिसंबर से पहले सरकार बनाने का भरोसा दिया है। लेकिन यह नहीं बताया कि वह किन दलों के समर्थन से सरकार बनाएंगे। लेकिन नेतन्याहू की लिकुड पार्टी पर आरोप लगाया है कि वह समझौते के लिए कोई तार्किक मसौदा पेश नहीं कर रही है।

एक इंटरनेट मीडिया पोस्ट में आइसेनकोट ने बताया है कि पिछले दो हफ्तों में उन्होंने लिकुड पार्टी के नेताओं के साथ पांच बैठकें की हैं। लेकिन लिकुड पार्टी समझौते का कोई ठोस मसौदा लेकर नहीं आई।

वह सात अक्टूबर, 2023 की घटना के लिए जांच आयोग के गठन पर कुछ नहीं बोली और न ही अति दक्षिणपंथी दलों को सरकार से दूर रखने के लिए तैयार होने पर कुछ कहा।

आइसेनकोट ने आरोप लगाया है कि लिकुड पार्टी ने वार्ता को लंबा खींचकर विपक्ष में गलतफहमी पैदा करने और उसकी एकजुटता को तोड़ने की कोशिश की। जबकि लिकुड पार्टी ने पलटवार में आइसेनकोट पर दोहरा राजनीतिक खेल खेलने का आरोप लगाया है। कहा, इस खेल के जरिये आइसेनकोट इजरायल विरोधी अरब पार्टियों को सरकार में शामिल करने की जमीन तैयार कर रहे हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।