कैप्टन मच्छर को मिले 'मेडल ऑफ ऑनर', इजरायल के पूर्व उपविदेश मंत्री ने की बड़ी मांग
फ्लाईदुबई के कॉकपिट में को-पायलट द्वारा किए गए हमले के दौरान कैप्टन स्मित मच्छर के अद्भुत साहस की प्रशंसा करते ...और पढ़ें

मुंबई में इजरायल के महावाणिज्य दूतावास ने कैप्टन मच्छर की प्रशंसा में लगाया बिलबोर्ड
HighLights
मुंबई में इजरायल के महावाणिज्य दूतावास ने कैप्टन मच्छर की प्रशंसा में लगाया बिलबोर्ड
मिलिंद देवड़ा ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर की कैप्टन मच्छर को अशोक चक्र देने की मांग
एएनआई, तेल अवीव। फ्लाईदुबई के काकपिट में को-पायलट द्वारा किए गए हमले के दौरान कैप्टन स्मित मच्छर के अद्भुत साहस की प्रशंसा करते हुए इजरायल की पूर्व उप विदेश मंत्री शैरेन हैस्केल ने कहा कि भारतीय पायलट इजरायल के 'मेडल ऑफ ऑनर' के हकदार हैं।
हैस्केल ने कहा, "उनकी हिम्मत और पक्के इरादे ने बहुत सी जानें बचाईं। उन्हें इजरायल आने का न्योता मिलना चाहिए ताकि हमारे राष्ट्रपति और हमारी सरकार उन्हें मेडल ऑफ आनर दे सकें। यह अद्भुत काम था; उन्होंने अपनी जान जोखिम में डाली और खुद को जिंदा रखा ताकि कॉकपिट का दरवाजा खोल सकें।"
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मच्छर की फोन पर बातचीत का जिक्र करते हुए हैस्केल ने कहा कि मुश्किल समय में प्रार्थना पर उनका भरोसा इजरायली व भारतीय लोगों की साझा आध्यात्मिक सोच से गहराई से जुड़ा हुआ है। उधर, मुंबई में इजरायल के महावाणिज्य दूतावास ने शुक्रवार को शहर में एक बिलबोर्ड लगाकर कैप्टन स्मित मच्छर की प्रशंसा की।
इजरायल के महावाणिज्य दूत यानीव रेवाच ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "भारत को एक नया हीरो मिला है और इजरायल उनका नाम कभी नहीं भूलेगा। कैप्टन स्मित मच्छर, धन्यवाद! जल्द ठीक हो जाइए। इजरायल आपका स्वागत करने का इंतजार कर रहा है।"
उन्होंने बिलबोर्ड की एक तस्वीर भी पोस्ट की जिस पर यही संदेश लिखा था। शिवसेना के राज्यसभा सदस्य मिलिंद देवड़ा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर कैप्टन मच्छर को शांतिकाल का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार अशोक चक्र देने की मांग की।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और शिवसेना ने देवड़ा का पत्र एक्स पर साझा किया। इसमें देवड़ा ने कैप्टन मच्छर की मुंबई के बेटे के रूप में प्रशंसा की, जिसने उस समय असाधारण साहस दिखाया जब यह सबसे ज्यादा मायने रखता था।
