विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हूती विद्रोहियों का यमन के राष्ट्रपति भवन पर हमला, 5 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं; बाल-बाल बचे प्रधानमंत्री

Published: Thu, 15 Oct 2026 10:47 PM (GMT+05:30)Updated: Thu, 15 Oct 2026 11:07 PM (GMT+05:30)

यमन के अदन में राष्ट्रपति भवन पर हूती मिसाइल हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि प्रधानमंत्री और अन्य मंत्री सुरक्षित हैं।

हूती मिसाइल हमले से दहला राष्ट्रपति भवन (फोटो-सोशल मीडिया)

हूती मिसाइल हमले से दहला राष्ट्रपति भवन (फोटो-सोशल मीडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, अदन। यमन के अदन में राष्ट्रपति भवन (अल-माशिक पैलेस) को निशाना बनाकर किए गए एक भीषण हूती मिसाइल हमले में चार लोगों की मौत हो गई है। अदन में छह तेज धमाके सुने गए। हूती विद्रोहियों ने यह हमला बैलेस्टिक मिसाइल से किया था, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है। 

कैबिनेट के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इस हमले में कई सुरक्षा गार्ड मारे गए या गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

दो सरकारी अधिकारियों ने रॉयटर्स को पुष्टि की है कि हमले के वक्त वहां मौजूद देश के प्रधानमंत्री और अन्य मंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस बीच, हूतियों ने एयरलाइंस को एक बार फिर चेतावनी दी है कि सऊदी अरब का हवाई क्षेत्र और वहां के हवाई अड्डे सुरक्षित नहीं हैं।

हूतियों की बढ़ती आक्रामकता

यमन के समाचार आउटलेट सबा के मुताबिक, कैबिनेट ने इस हमले को हूतियों की बढ़ती आक्रामकता का एक हिस्सा करार दिया है।

सरकार का कहना है कि इसमें ताइज, लाहिज और सऊदी अरब के नागरिक इलाकों पर किए जा रहे लगातार हमले भी शामिल हैं, जो क्षेत्रीय शांति के लिए बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं।

24 घंटों में 1,250 हमले किए

हूती विद्रोहियों के बढ़ते हमलों के जवाब में यमन की सरकारी सेना ने कड़ा रुख अपनाया है। सेना ने दावा किया है कि हूतियों के कब्जे वाले इलाकों को वापस पाने के लिए चलाए जा रहे उनके डॉन ऑफ यमन अभियान के तहत, पिछले 24 घंटों के भीतर हूतियों के ठिकानों पर कुल 1,250 हमले किए गए हैं।

सेना के प्रवक्ता मजीद अल-नुजैली ने एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि इन अभियानों में लड़ाकू विमानों, ड्रोन, तोपखाने और रॉकेट लॉन्चरों का इस्तेमाल किया गया, जिससे हूतियों के 150 वाहन नष्ट हो गए।

नुजैली ने एक पोस्ट में कहा, प्रारंभिक जमीनी अनुमानों से संकेत मिलता है कि लगभग 700 मिलिशिया तत्वों को निष्क्रिय कर दिया गया है, और (150) से अधिक वाहनों, कारों, युद्ध, परिवहन और आपूर्ति साधनों को नष्ट या निष्क्रिय कर दिया गया है।

सऊदी सैन्य गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मलीकी ने बताया है कि युद्ध के दौरान हूती के 127 शस्त्रागार और मिसाइल लांचर नष्ट किए गए हैं। गठबंधन की जवाबी कार्रवाई जारी है। गठबंधन ने हूती पर नागरिकों और नागरिक ठिकानों पर हमलों का आरोप लगाया है।

भारतीयों को घर में रहने की सलाह

रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने गुरुवार को सऊदी अरब में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की। इसमें कहा गया है कि सऊदी शहरों पर बढ़ रहे हवाई हमलों के मद्देनजर लोग अपने घरों में ही रहें।

साथ ही किसी घटना का वीडियो बनाने या फोटो खींचने से भी मना किया है। इस तरह की घटनाओं का वीडियो, फोटो और सूचना भी सोशल मीडिया पर पोस्ट न करने या किसी को न भेजने के लिए कहा गया है। एडवाइजरी में दूतावास के संपर्क में रहने के लिए कहा गया है।