ट्रंप की हत्या पर एक करोड़ डॉलर का इनाम घोषित, ईरानी जनरल और इराकी कमांडर की हत्या का बदला लेने का दावा
ईरान समर्थित इराकी संगठन इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक ने डोनल्ड ट्रंप की हत्या के लिए 1 करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया है। ...और पढ़ें
-1784302035429_m.webp)
HighLights
ईरान समर्थित इराकी संगठन ने ट्रंप की हत्या पर इनाम घोषित किया।
2020 के अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए जनरल सुलेमानी का बदला।
ट्रंप के बयान पर अल-मुहंदिस के परिजनों ने आपत्ति जताई।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। ईरान समर्थित इराकी संगठन इस्लामिक रेजिस्टेंस इन इराक (आइआरआई) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की हत्या करने वाले को एक करोड़ डॉलर (10 मिलियन डॉलर) का इनाम देने की घोषणा की है।
संगठन का कहना है कि यह कदम 2020 में ईरानी जनरल कासिम सुलेमानी और इराकी मिलिशिया कमांडर अबू महदी अल-मुहंदिस की अमेरिकी ड्रोन हमले में हुई मौत का बदला लेने के लिए उठाया गया है।
ईरान के सरकारी मीडिया प्रेस टीवी के अनुसार, संगठन ने कहा है कि इनाम की राशि सदस्यों और समर्थकों से चंदा जुटाकर एकत्र की जाएगी। 16 जुलाई को जारी बयान में कहा गया है कि जो भी व्यक्ति ट्रंप की हत्या करेगा, ऐसा करने का निर्देश देगा या इस कार्रवाई में किसी भी तरह की मदद करेगा, उसे यह इनाम दिया जाएगा।
संगठन ने आरोप लगाया कि ट्रंप हाल के दिनों में सुलेमानी और अल-मुहंदिस की हत्या की जिम्मेदारी लेकर सार्वजनिक रूप से शेखी बघार रहे हैं, इसलिए उनके खिलाफ यह घोषणा की गई है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस में इराकी प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात के दौरान ट्रंप ने 2020 के ड्रोन हमले का जिक्र करते हुए कहा था कि यदि उन्होंने सुलेमानी को नहीं मारा होता तो हालात अलग होते। उन्होंने यह भी कहा कि उसी हमले में "एक और बेहद खतरनाक व्यक्ति" भी मारा गया था, जिसका इशारा अबू महदी अल-मुहंदिस की ओर माना गया।
इस बीच, अल-मुहंदिस के परिजनों ने ट्रंप के बयान पर इराकी प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया की आलोचना की है। उल्लेखनीय है कि 2024 के चुनाव प्रचार के दौरान ट्रंप पर कई बार हमले या हमले की साजिशों की जांच हुई है। इनमें पेंसिलवेनिया की रैली में हुआ गोलीबारी का मामला सबसे गंभीर था।
अमेरिकी एजेंसियों ने कुछ मामलों में ईरान से संभावित संबंधों की भी जांच की थी, हालांकि ईरान ने ट्रंप की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने से इनकार किया है।