सऊदी अरब का यमन के होदेदा बंदरगाह पर भीषण हमला, भड़के हूती विद्रोहियों ने दी गंभीर परिणाम की चेतावनी
सऊदी अरब ने शुक्रवार को हूती के नियंत्रण वाले होदेदा बंदरगाह पर हवाई हमला कर उसे भारी नुकसान पहुंचाया है। इससे पहले हूती लड़ाकों ने विश्व भर की एयरलाइन कंपनियों को सऊदी अरब के आकाश से दूर रहने की चेतावनी दी।

सऊदी अरब का यमन के होदेदा बंदरगाह पर भीषण हमला (फोटो- एक्स)
HighLights
लड़ाकों के कब्जे वाले क्षेत्र का मुख्य बंदरगाह है यह ठिकाना
हूती की चेतावनी, सऊदी अरब न भेजें विमान और जहाज
रॉयटर, रियाद। सऊदी अरब ने शुक्रवार को हूती के नियंत्रण वाले होदेदा बंदरगाह पर हवाई हमला कर उसे भारी नुकसान पहुंचाया है। इससे पहले हूती लड़ाकों ने विश्व भर की एयरलाइन कंपनियों को सऊदी अरब के आकाश से दूर रहने की चेतावनी दी।
कहा कि हवाई हमले के दौरान अनजाने में यात्री विमान निशाना बन सकते हैं इसलिए सऊदी अरब के लिए यात्री विमानों की उड़ानों को स्थगित रखा जाए।
हूती की ओर से यह चेतावनी जारी होने के बाद एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी शहर जेद्दा के लिए अपनी उड़ानों पर रोक को 24 नवंबर तक बढ़ा दिया है जबकि रियाद और अन्य शहरों के लिए दोनों कंपनियों ने 30 नवंबर तक उड़ानें स्थगित कर रखी हैं।
सऊदी अरब ने होदेदा बंदरगाह पर हमला हूती के रियाद की सबसे ऊंची बिल्डिंग पीआईएफ टावर पर हमले के एक दिन बाद किया है। हूती के नियंत्रण वाले क्षेत्र के लिए होदेदा सबसे महत्वपूर्ण बंदरगाह है।
इस बंदरगाह से ही हूती को जरूरत का सामान अन्य आपूर्ति मिलती हैं। इसी के जरिये उसका तेल और अन्य माल अन्य देशों को जाता है।
सऊदी अरब ने कहा है कि बंदरगाह को निशाना बनाने से हूती को मिलने वाले सैन्य मदद रुक जाएगी जिसका असर उसकी हमले की क्षमता पर पड़ेगा।
सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बंदरगाह समेत सभी संवेदनशील क्षेत्रों से आमजनों को हट जाने की चेतावनी दी है। जबकि हूती ने दावा किया है कि सऊदी हमले से बंदरगाह को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है और माल की आवाजाही जारी है।
इस बीच हूती लड़ाकों के सऊदी अरब समर्थित यमन सरकार की राजधानी अदन के और करीब पहुंचने की सूचना है। एक अन्य बड़े शहर तैज को भी हूती लड़ाकों ने घेर रखा है। दोनों जगह लड़ाई जारी है।
एयरलाइन कंपनियों की तरह हूती ने शिपिंग कंपनियों को भी सऊदी बंदरगाह से जहाजों-टैंकरों की आवाजाही रोकने की चेतावनी दी है। कहा है कि आने वाले दिनों में सऊदी अरब के बंदरगाहों पर बड़े हमले होंगे।
जाहिर है उनमें वहां पर लंगर डाले जहाज भी निशाना बन सकते हैं, इसलिए कंपनियां सुरक्षा की दृष्टि से सऊदी अरब के लिए माल की आपूर्ति और वहां से माल लाने की गतिविधि रोक दें।
हूती के प्रवक्ता याह्या सारी ने आमजनों और कर्मचारियों को लाल सागर पर बने सऊदी अरब के सभी बंदरगाहों को तत्काल छोड़ने के लिए कहा है।