Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दुबई में उड़ान भरने के लिए तैयार दुनिया की पहली एयर टैक्सी, 45 मिनट का सफर 10 मिनट में होगा तय

    Updated: Sat, 18 Apr 2026 02:21 AM (IST)

    दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा और सबसे बड़े मानव निर्मित द्वीप पाम जुमेराह जैसी उपलब्धियों के बाद, दुबई ने अब दुनिया का पहला एयर टैक्सी स्टेशन ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    दुबई में उड़ान भरने के लिए तैयार दुनिया की पहली एयर टैक्सी (फोटो- एक्स)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा और सबसे बड़े मानव निर्मित द्वीप पाम जुमेराह जैसी उपलब्धियों के बाद, दुबई ने अब दुनिया का पहला एयर टैक्सी स्टेशन लांच किया है।

    दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के निकट इस सेवा की शुरुआत इसी वर्ष के अंत तक होने की संभावना है। यह सेवा शहरी परिवहन के तरीके को पूरी तरह से बदलने की क्षमता रखती है।

    45 मिनट का सफर 10 मिनट में होगा तय

    इस नई सुविधा के माध्यम से यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। उदाहरण के लिए, दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पाम जुमेराह के बीच की दूरी लगभग 36 किलोमीटर है। सड़क मार्ग से इस दूरी को तय करने में लगभग 45-50 मिनट लगते हैं, जबकि एयर टैक्सी से यह सफर केवल 10 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

    एयर टैक्सी की अधिकतम गति 321 किमी प्रति घंटा रहने की उम्मीद है। दुबई के सड़क और परिवहन प्राधिकरण (आरटीए) के अनुसार, यह सेवा सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क के साथ-साथ इलेक्ट्रिक स्कूटर और साइकिल जैसे व्यक्तिगत आवागमन के साधनों के साथ भी एकीकृत होगी।

    स्टेशन में होंगी ये सुविधाएं

    विशेष रूप से निर्मित इलेक्टि्रक वर्टिकल टेक-ऑफ और लैंडिंग (ईवीटीओएल) एयर टैक्सी स्टेशन शहर में एयर टैक्सी संचालन का मुख्य केंद्र होगा।

    यह स्टेशन 3,100 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला होगा, जिसमें एक चार मंजिला इमारत, दो स्तरीय कार पार्किंग, दो एयर टैक्सी टेक-ऑफ और लैंडिंग पैड और वाहनों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं। इसमें वातानुकूलित यात्री सुविधाएं भी होंगी, जिनकी क्षमता प्रति वर्ष 1,70,000 यात्रियों को संभालने की होगी।

    प्रारंभ में, दुबई में एयर टैक्सी सेवा दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, डाउनटाउन दुबई, दुबई मरीना और पाम जुमेराह के निकट चार स्थानों से संचालित होने की उम्मीद है।

    ये विमान पूरी तरह से इलेक्ट्रिक हैं, जो कम शोर करते हैं और इनसे शून्य प्रत्यक्ष उत्सर्जन होता है, जो दुबई के सतत विकास लक्ष्य को पूरा करता है।

    एयर टैक्सी सेवा को मौजूदा राइड-हेलिंग प्लेटफार्म के साथ एकीकृत किया जाएगा, जिससे यात्री जल्द ही एप के माध्यम से एयर टैक्सी बुक कर सकेंगे। प्रत्येक विमान में पायलट सहित लगभग चार यात्रियों के बैठने की क्षमता होगी।
    (जागरण रिसर्च)