विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूक्रेन पर कहर बनकर बरसा रूस: मिसाइल हमलों से दहल उठे कई शहर; 24 की मौत, 60 घायल

Published: Thu, 08 Oct 2026 02:00 AM (IST)

रूस ने बुधवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव समेत करीब एक दर्जन क्षेत्रों में मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने ...और पढ़ें

यूक्रेन के शहरों पर रूसी मिसाइल हमले में 24 लोगों की मौत, 60 घायल (फोटो- रॉयटर)

यूक्रेन के शहरों पर रूसी मिसाइल हमले में 24 लोगों की मौत, 60 घायल (फोटो- रॉयटर)

HighLights

  1. खुफिया एजेंसियों ने रूस की ओर से बड़े हमले की तैयारी की दी थी जानकारी 

  2. सबसे ज्यादा मौतें यूक्रेन के उत्तरी चेर्निहाइव इलाके के प्रिलुकी में हुईं

एपी, कीव। रूस ने बुधवार तड़के यूक्रेन की राजधानी कीव समेत करीब एक दर्जन क्षेत्रों में मिसाइलों और ड्रोन से बड़े पैमाने पर हमला किया।

हमले में 24 नागरिकों की मौत हुई है, जिनमें चार बच्चे शामिल हैं, जबकि करीब 60 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इसे सबसे घिनौने हमलों में से एक बताया है।

सबसे ज्यादा मौतें यूक्रेन के उत्तरी चेर्निहाइव इलाके के प्रिलुकी में हुईं, जहां रूसी मिसाइल ने पांच मंज़िला रिहायशी इमारत को पूरी तरह तबाह कर दिया।

स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, वहां चार बच्चों समेत 18 लोगों की मौत हो गई। मारे गए बच्चों में तीन की उम्र एक वर्ष और एक की उम्र आठ वर्ष थी।

जेलेंस्की ने कहा कि यह हमला रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के जन्मदिन के दिन हुआ। उन्होंने कहा कि यूक्रेन को पहले से इस हमले की आशंका थी।

खुफिया एजेंसियों ने रूस की ओर से बड़े हमले की तैयारी की जानकारी दी थी। इसके बावजूद यूक्रेन रूसी हमले को पूरी तरह रोक नहीं सका।

अधिकारियों के अनुसार, रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों और नए जेट इंजन वाले ड्रोन को रोकना चुनौती बना हुआ है। अमेरिकी वायु रक्षा प्रणालियों के लिए पर्याप्त मिसाइलों की कमी भी यूक्रेन के सामने समस्या है।

रूस और यूक्रेन के बीच साढ़े चार साल से अधिक समय से जारी युद्ध में दोनों पक्षों के बीच लंबी दूरी के हवाई हमले लगातार बढ़े हैं।

इस बीच, अमेरिका की अगुआई में चल रहे शांति प्रयासों से तत्काल राहत मिलने की संभावना नहीं दिखाई दे रही है।

यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वान डेर लेयेन ने रूस के हमलों की आलोचना करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य यूक्रेन के लोगों के लिए रोजमर्रा की जिंदगी को मुश्किल बनाना है।