अमेरिका में G20 से पहले भारत आएंगे ऑस्ट्रेलियाई पीएम अल्बनीज, PM मोदी से होगी द्विपक्षीय बातचीत
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी का पूरी तरह उपयोग नहीं हुआ है और वे पीएम मोदी के साथ इसे मजबूत करने के लिए उत्सुक हैं।

आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री दिसंबर में करेंगे भारत की यात्रा (फाइल फोटो)
HighLights
भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी का पूरी तरह उपयोग नहीं हो पाया है।
पीएम अल्बनीज और पीएम मोदी द्विपक्षीय संबंध मजबूत करने को उत्सुक।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज दिसंबर में भारत की यात्रा करेंगे।
डिजिटल डेस्क, मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी का पूरी तरह उपयोग नहीं हो पाया है। वह और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसे ठीक करने और द्विपक्षीय संबंधों को प्रगाढ़ करने के लिए बेहद उत्सुक हैं।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब वह दिसंबर में भारत की यात्रा करने वाले हैं।
ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने यह बात पिछले हफ्ते यहां एशिया सोसाइटी की ओर से आयोजित एक बैठक के दौरान कही। यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र महासभा के सालाना सत्र से इतर आयोजित किया गया था।
उन्होंने कहा, 'हमारे बीच कई समानताएं हैं। हम दोनों राष्ट्रमंडल के सदस्य हैं और हमारे बीच भाषा व विश्वविद्यालयों के क्षेत्र में भी सहयोग है। हालांकि अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध और साझेदारी का पूरी तरह उपयोग नहीं हो पाया है, लेकिन पीएम मोदी और मैं इसे ठीक करने के लिए बहुत उत्सुक हैं।'
उन्होंने यह भी कहा कि भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। अल्बनीज ने बताया कि वह 14-15 दिसंबर को फ्लोरिडा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की मेजबाीन में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए अमेरिका आते समय भारत की यात्रा करेंगे।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
