विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बर्लिन: घर में लगी आग तो 11वीं मंजिल से कूद गई महिला, वीडियो देख सहम गए लोग

Updated: Tue, 18 Aug 2026 06:51 PM (IST)

बर्लिन में एक बहुमंजिला इमारत में आग लगने के बाद 11वीं मंजिल पर फंसी एक महिला ने नीचे खड़ी रेस्क्यू बास्केट में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।

HighLights

  1. बर्लिन में 11वीं मंजिल पर फंसी महिला ने लगाई छलांग।

  2. दमकलकर्मियों ने रेस्क्यू बास्केट में सुरक्षित बचाया, वीडियो वायरल।

  3. आग में 13 लोग घायल, 115 से अधिक सुरक्षित निकाले गए।

डिजिटल डेस्क, बर्लिन। जर्मनी के बर्लिन में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला रेस्क्यू ऑपरेशन सामने आया है। ओस्टाबानहोफ स्टेशन के पास फ्रेडरिकशाइन इलाके में 14 अगस्त की सुबह एक बहुमंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लग गई।

11वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में धू-धू कर लपटें उठने लगीं और घना काला धुआं फैल गया। इस दौरान महिला को रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू का खौफनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

टर्नटेबल सीढ़ी की सीमा बनी चुनौती

इमारत में लगी आग से 11वीं मंजिल पर एक महिला फंस गई। आग की लपटों से घिरी महिला जान बचाने के लिए अपने अपार्टमेंट की खिड़की के बाहर छज्जे पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही करीब 116 दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे।

हालांकि, फायर ब्रिगेड की टर्नटेबल सीढ़ी सिर्फ 9वीं मंजिल तक ही पहुंच पा रही थीष जिससे रेस्क्यू बास्केट महिला से लगभग दो मंजिल नीचे रह गई।

11वीं मंजिल से लगाई सांस रोक देने वाली छलांग

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि महिला ने नीचे उतरने का प्रयास किया, लेकिन पैर टिकाने की सुरक्षित जगह न मिलने और पीछे से आग की लपटें तेज होने के कारण उसने साहस दिखाया।

महिला ने नीचे खड़ी रेस्क्यू बास्केट की ओर छलांग लगा दी। लगभग दो मंजिल नीचे गिरते ही बास्केट में मौजूद जांबाज दमकलकर्मी ने उसे सुरक्षित अपनी बाहों में लपक लिया। मामूली चोटों के कारण उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

3 घंटे में पाया गया आग पर काबू

अधिकारियों के अनुसार रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद जटिल और जोखम भरा था। इस हादसे में 13 लोगों को हल्की चोटें आईं और 115 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया।

दमकलकर्मियों ने लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग लगने के असल कारणों की जांच की जा रही है। फायर सर्विस के प्रवक्ता ने कहा कि यह ऐसी चीज नहीं है जिसका अनुभव आपको रोज करना पड़े।