यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की वार्ता में शामिल होना चाहता है यूरोप, अमेरिका-रूस के दबाव में शांति समझौता होने की आशंका
यूरोपीय देशों को लग रहा है कि यूक्रेन युद्ध में बड़े सहयोगी होने के बावजूद उन्हें शांति प्रक्रिया से दरकिनार ...और पढ़ें

यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की वार्ता में शामिल होना चाहता है यूरोप
HighLights
अमेरिका व रूस के दबाव में शांति समझौता होने की आशंका
मैक्रों ने कहा, अब अमेरिका का समर्थन यूक्रेन के साथ नहीं
एपी, डबलिन। यूक्रेन-रूस युद्ध खत्म कराने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में हो रही शांति वार्ता में यूरोपीय देश भी शामिल होना चाहते हैं। वे अमेरिका, रूस और यूक्रेन की वार्ता में अपना भी प्रतिनिधि शामिल करवाना चाहते हैं।
यूरोपीय देशों को लग रहा है कि यूक्रेन युद्ध में बड़े सहयोगी होने के बावजूद उन्हें शांति प्रक्रिया से दरकिनार किया जा रहा है और अमेरिका व रूस मिलकर कोई ऐसा समझौता करवा लेंगे जो यूक्रेन और यूरोप के भविष्य के लिए हितकर नहीं होगा। वह समझौता यूरोप की सुरक्षा पर दूरगामी असर डालेगा।
गुरुवार को मॉस्को में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात में अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर उन्हें शांति वार्ता में यूरोपीय देशों को शामिल करने के लिए तैयार करने में सफल रहे।
इस निर्णय में यह तय हुआ कि यूरोपीय देश वार्ता प्रक्रिया में शामिल रहेंगे लेकिन सीधी वार्ता में अमेरिका, रूस और यूक्रेन के ही प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। लेकिन शुक्रवार को आयरलैंड की राजधानी डबलिन में हो रही यूरोपीय देशों की बैठक में मुख्य वार्ता में भी यूरोपीय प्रतिनिधि को शामिल करने की मांग उठी।
ब्रिटेन और यूक्रेन भी इस मांग के साथ हैं लेकिन इस पर अभी सहमति नहीं बनी है। आयरलैंड के प्रधानमंत्री माइकल मार्टिन ने कहा है कि वार्ता में यूरोप के प्रतिनिधित्व का मसला सुलझना चाहिए। जबकि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा, यूरोपीय देशों के अतिरिक्त यूक्रेन का कोई समर्थक नहीं है। अब अमेरिका का समर्थन यूक्रेन को नहीं मिल रहा है।
इटली की प्रधानमंत्री जार्जिया मेलोनी ने यूरोप की ओर से एक प्रतिनिधि के मुख्य वार्ता में शामिल रहने के विचार का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, यूरोप के हितों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए।
अमेरिका के लिए समस्या यह भी है कि वह यूक्रेन मसले पर किस तरह से यूरोप को संतुष्ट करे। क्योंकि यूरोपीय संघ में 27 देश हैं, 32 देशों वाले नाटो में अधिसंख्य यूरोपीय देश हैं और यूरोप के राजनीतिक समुदाय में 47 देशों की भागीदारी है। ऐसे में किसे महत्व दिया जाए, यह बड़ा सवाल है।
पांच देशों के प्रतिनिधि करेंगे शांति वार्ता की तैयारी
यूरोपीय देशों की बैठक में निर्णय लिया गया कि अगले दौर की शांति वार्ता की तैयारी के सिलसिले में ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली और पोलैंड के प्रतिनिधि शीघ्र ही कीव का दौरा करेंगे और वहां पर सम्मानजनक समझौते की रूपरेखा तैयार करेंगे।
यूरोपीय परिषद के प्रमुख एंटोनियो कोस्टा ने कहा कि हम महाद्वीप की एकता को कायम रखेंगे और न्यायोचित समझौते के लिए यूक्रेन का साथ देंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।