Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इटली: राहगीरों पर चढ़ा दी कार, फिर चाकू लेकर किया पीछा; कैमरे में कैद हुई वारदात

    Updated: Sun, 17 May 2026 08:44 AM (IST)

    इटली के मोडेना शहर में एक तेज रफ्तार कार चालक ने जानबूझकर फुटपाथ पर राहगीरों को रौंद दिया, जिससे सात लोग घायल हो गए और चार गंभीर हैं। ...और पढ़ें

    preferred source google

    HighLights

    1. मोडेना में कार चालक ने राहगीरों को कुचला

    2. सात लोग घायल, चार की हालत गंभीर

    3. नागरिकों ने आरोपी को चाकू सहित दबोचा

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इटली के मोडेना शहर में शनिवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार चालक ने जानबूझकर अपनी गाड़ी फुटपाथ पर चल रहे राहगीरों पर चढ़ा दी। इस दर्दनाक घटना में कम से कम सात लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से चार की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।

    वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार से बाहर निकला और हाथ में चाकू लेकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे मौके पर मौजूद बहादुर नागरिकों ने दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

    फुटपाथ को निशाना बनाकर लोगों को रौंदा

    मोडेना के मेयर मासिमो मेजेती ने स्थानीय मीडिया और समाचार एजेंसी एएनएसए को बताया कि शुरुआती चश्मदीदों के बयानों के अनुसार, करीब 30-31 वर्ष के इस चालक ने सीधे फुटपाथ पर चल रहे लोगों को निशाना बनाया।

    चश्मदीदों के मुताबिक, कार ने पहले एक साइकिल को टक्कर मारी और फिर तेज रफ्तार में सीधे एक महिला को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला के दोनों पैर बुरी तरह कुचले गए हैं। लोगों को रौंदने के बाद अनियंत्रित कार सीधे एक दुकान के शीशे वाले शो-विंडो से जा टकराई।

    खबरें और भी

    कार टकराने के बाद चाकू लेकर निकला आरोपी

    मेयर मेजेती ने बताया कि गाड़ी टकराने के बाद आरोपी को हाथ में चाकू लिए देखा गया। ऐसा लग रहा था कि वह किसी पर हमला करने की कोशिश कर रहा था, हालांकि वह किसी को चाकू मारने में कामयाब नहीं हो पाया।

    एक चश्मदीद ने इतालवी टेलीविजन को बताया कि यह घटना एमिलिया सेंट्रो सड़क पर हुई, जो शनिवार की दोपहर को काफी व्यस्त रहती है। मैंने जोर की आवाजें सुनीं और देखा कि लोग गाड़ी के नीचे आ रहे हैं।

    वह कार मेरी तरफ भी आई, लेकिन मैंने किसी तरह जमीन पर कूदकर अपनी जान बचाई। सिर पर आई चोट और खून के निशानों के साथ बात करते हुए चश्मदीद ने आगे बताया कि ड्राइवर किसी नशे में लग रहा था, वह सामान्य स्थिति में नहीं था।

    स्थानीय नागरिकों ने आरोपी को किया काबू

    जब आरोपी कार से उतरकर चाकू लहराते हुए भागने लगा, तो वहां मौजूद घायल चश्मदीद और कई अन्य राहगीरों ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने आरोपी का पीछा किया, उसे घेरकर उसके हाथ से चाकू छीना और पुलिस के आने तक उसे काबू में रखा।

    मेयर मासिमो मेजेती ने इस संकट की घड़ी में साहस और नागरिक कर्तव्य की अनूठी मिसाल पेश करने वाले उन नागरिकों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

    क्या यह आतंकी हमला था?

    इतालवी मीडिया और सोशल मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार किया गया आरोपी मोरक्को मूल का 31 वर्षीय इतालवी नागरिक बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

    मेयर ने राय न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि हमें यह समझने की जरूरत है कि इस कृत्य के पीछे की असली वजह क्या है। यह एक बेहद भयानक और हिला देने वाली घटना है। वजह जो भी हो, यह अत्यंत गंभीर है।

    अगर यह जांच में कोई सोची-समझी साजिश या आतंकी हमला निकलता है, तो यह और भी ज्यादा चिंताजनक होगा। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही हैं ताकि हमले के मकसद का पता लगाया जा सके।