नेपाल बाढ़ में लापता 6000 लोगों की तलाश जारी, मरने वालों की संख्या 1450 के पार
नेपाल में भीषण बाढ़ के लगभग चार सप्ताह बाद भी करीब छह हजार लोग लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। ...और पढ़ें

HighLights
बाढ़ के चार सप्ताह बाद भी 6000 लोग लापता।
नेपाल में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 1451 हुई।
बचावकर्मी लापता लोगों की तलाश में दिन-रात जुटे हैं।
डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल में भीषण बाढ़ के करीब चार सप्ताह बाद भी करीब छह हजार लोग लापता हैं। राहत और बचाव कर्मियों ने इन लापता लोगों की तलाश के लिए दिन रात एक कर रखा है। नेपाल-तिब्बत सीमा के पास पिछले महीने आई बाढ़ ने नेपाल में भारी तबाही मचाई थी।
बाढ़ से मकान, वाहन, सड़कें और पुल बह गए थे तथा जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा था। नेपाल अब भी इस आपदा के असर से जूझ रहा है। बाढ़ से चीन में भी 43 लोगों की मौत हुई है।
बाढ़ से मृतकों का आंकड़ा 1451 हुआ
नेपाल पुलिस के बयान में कहा गया है कि 26 अगस्त को आई बाढ़ से मृतकों की संख्या 1,451 हो गई है, क्योंकि प्रभावित क्षेत्रों से और शवों की बरामदगी की गई है। चितवन जिले में 367 शव बरामद किए गए। रसुवा से 236, नवलपरासी पूर्व से 232 और नवलपरासी पश्चिम से 222 शव बरामद किए गए।
नुवाकोट से 203 शव, गोरखा से 79 शव, धादिंग से 72 शव और तनहुं से 38 शव बरामद किए गए। काठमांडू के अस्पतालों में इलाज के दौरान दो बाढ़ पीड़ितों की भी मौत हो गई। देशभर से बाढ़ से प्रभावित 13,784 लोगों को बचाया गया है।
मृतकों की पहचान करना भी बड़ी चुनौती है, क्योंकि अब तक केवल लगभग 110 शवों को पहचान के बाद परिवारों को सौंपा गया है। अब तक, लगभग 1,300 शवों को अस्थायी रूप से दफनाया गया है, जबकि उनके डीएनए नमूने जुटाए गए हैं।
(समाचार एजेंसी पीटीआई इनपुट के साथ)
