विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हुआंग-एलिस के फेक अफेयर का रियल खुलासा, पति ने निभाया था साइलेंट रोल; क्लाइंट्स को दी थी जानकारी

Published: Thu, 12 Nov 2026 06:20 PM (GMT+05:30)

एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग एक बड़े विवाद में फंस गए हैं, जिसमें एलिस हुआंग के साथ कथित अफेयर और राष्ट्रीय सुरक्षा जांच शामिल है।

एनवीडिया सीईओ जेन्सेन हुआंग और एलिस के अफेयर में पति ने निभाई अहम भूमिका। (फोटो-सोशल मीडिया)

एनवीडिया सीईओ जेन्सेन हुआंग और एलिस के अफेयर में पति ने निभाई अहम भूमिका। (फोटो-सोशल मीडिया)

HighLights

  1. एनवीडिया सीईओ जेन्सेन हुआंग अफेयर और राष्ट्रीय सुरक्षा जांच में फंसे।

  2. एलिस हुआंग और पति ने निजी संबंधों से व्यावसायिक लाभ कमाए।

  3. मेगास्पीड पर प्रतिबंधित AI चिप्स चीन भेजने का गंभीर आरोप।

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग एक बड़े विवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा जांच के घेरे में फंस गए हैं। द वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट के मुताबिक एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग का परिचय एलिस हुआंग से उनके पति, चीनी कारोबारी कांग वेई ने कराया था। बाद में एलिस और जेन्सेन के बीच प्रेम संबंध बन गए।

बुधवार को एक और कथित अफेयर सामने आने के बाद एनवीडिया के निदेशक मंडल (बोर्ड) ने कड़ा रुख अपनाते हुए जेन्सेन हुआंग को CEO पद से हटाने की तैयारी शुरू कर दी है।

पति को थी अफेयर की जानकारी

द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में एक बेहद चौंकाने वाला दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कांग लगभग एक दशक से जेन्सेन हुआंग को जानते थे और पिछले दो सालों से अपनी पत्नी और हुआंग की नजदीकियों को लेकर खुलकर बात भी करते थे।

सूत्रों के मुताबिक कांग अक्सर अपने दोस्तों के बीच मजाक में कहते थे कि उनकी पत्नी जेन्सेन हुआंग की निजी सहायक हैं। हालांकि, रिपोर्ट में इस बात का स्पष्ट उल्लेख नहीं है कि कांग ने पहली बार एलिस का परिचय जेन्सेन हुआंग से कब कराया था।

इससे पहले रविवार को जेन्सेन हुआंग ने कंपनी के कर्मचारियों को एक आंतरिक पत्र लिखकर अपनी पत्नी के प्रति बेवफाई करने की बात स्वीकार की थी साथ ही अपने परिवार और सहकर्मियों का भरोसा तोड़ने के लिए माफी भी मांगी थी।

निजी संबंधों का फायदा उठाकर की कई बिजनेस डील

चीनी मीडिया और सोशल मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि कांग और एलिस ने वर्षों तक जेन्सेन हुआंग के साथ अपने निजी संबंधों का लाभ उठाकर बड़े व्यावसायिक अवसर हासिल किए।

कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में यह दावा किया गया है कि कांग अपने क्लाइंट्स को अपनी पत्नी और एनवीडिया CEO के बीच के रिश्तों के बारे में बताते थे ताकि बिजनेस डील हासिल करने में मदद मिल सके।

वहीं एलिस हुआंग खुद अपने सोशल मीडिया अकांउट WeChat पर जेन्सेन हुआंग के साथ अपनी तस्वीरें नियमित रूप से साझा करती थीं। चीन में उनके बड़े व्यावसायिक सौदों के पीछे एनवीडिया प्रमुख के साथ उनकी इस करीबी को एक बड़ा कारण माना जा रहा है।

चीनी खुफिया एजेंसियों की 'एसेट' होने का संदेह

अमेरिकी खुफिया अधिकारियों को संदेह है कि चीनी एजेंसियों ने एलिस हुआंग को एक एसेट (जासूस या मददगार) के रूप में इस्तेमाल किया, क्योंकि हुआंग तक उनकी सीधी पहुंच थी। इस विवाद के बीच कई देशों की एजेंसियां हरकत में आ गई हैं।

ताइवान के अधिकारियों ने एलिस हुआंग का एंट्री परमिट रद कर दिया है और देश में उनके प्रवेश पर रोक लगा दी है। ताइवान में ही जेन्सेन हुआंग से कई बार मुलाकात हुई थी।

मई 2025 में ताइवान में एक डिनर के दौरान स्थानीय मीडिया ने जेन्सेन हुआग की बेटी को खुशी-खुशी इस जोड़े की तस्वीर लेते हुए कैद किया था। ताइवान अब जांच कर रहा है कि क्या उनकी यात्राओं का उद्देश्य खुफिया जानकारी जुटाना था।

द वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक सिंगापुर के अधिकारियों ने 2025 की गर्मियों में एलिस हुआंग को हिरासत में ले लिया था और उन पर देश छोड़ने से रोक लगा दी थी।

बाद में यह यात्रा प्रतिबंध हटा लिया गया और इस साल की शुरुआत में वह चीन में देखी गईं। सिंगापुर सरकार ने पुष्टि की है कि उनकी कंपनी मेगास्पीड को लेकर जांच जारी है।

इस साल की शुरुआत में शंघाई में एलिस के पति कांग वेई को भी हिरासत में लिया गया था। यह कार्रवाई लिस्टेड कंपनियों से जुड़े कथित स्टॉक मार्केट हेरफेर की जांच के सिलसिले में की गई थी।

करीबी लोगों के अनुसार उन्हें हाल ही में रिहा किया गया है, जिसके बाद उन्होंने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में दोस्तों के साथ अपनी एक तस्वीर साझा की थी।

कैसे खड़ा किया अपना बिजनेस एम्पायर?

50 वर्ष की आयु पार कर चुके कांग वेई 2010 में शंघाई हेक्सी की स्थापना करने से पहले चीन में एक जाने-माने फंड मैनेजर थे। वहीं 40 के दशक के आखिर में चल रहीं एलिस हुआंग ने 2000 के दशक के अंत में हांगकांग बैपटिस्ट यूनिवर्सिटी से मीडिया मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री हासिक की थी।

2016 के कॉर्पोरेट रजिस्ट्री रिकॉर्ड बताते हैं कि दोनों ने मिलकर शंघाई हेक्सी को चलाना शुरू किया, जो उनकी व्यावसायिक साझेदारी का मुख्य केंद्र बन गया।

पिछले एक दशक से इस जोड़े ने चीन, सिंगापुर, ताइवान और अन्य बाजारों में व्यावसायिक अवसर तलाशने के लिए अपने निजी संपर्कों का जमकर इस्तेमाल किया।

उन्होंने वीडियो गेम कंपनियों, फार्मास्युटिकल कंपनियों के अधिग्रहण और क्लाउड कंप्यूटिंग जैसे क्षेत्रों में कई कंपनियां बनाईं और आपस में हिस्सेदारियां ट्रांसफर कीं। 2010 के दशक में वीडियो गेम व्यवसायों में निवेश के जरिए ही कांग की मुलाकात जेन्सेन हुआंग से हुई थी, जब एनवीडिया मुख्य रूप से वीडियो गेम के लिए चिप्स बनाती थी।

हालांकि कांग का व्यावसायिक सफर विवादों से भी जुड़ा रहा। 2018 में चीन के प्रतिभूति नियामक ने एक चीनी फार्मास्युटिकल कंपनी में हिस्सेदारी का खुलासा न करने और अधिग्रहण नियमों के उल्लंघन के लिए कांग और 'शंघाई हेक्सी' पर जुर्माना लगाया था। 2020 के दशक की शुरुआत में इस जोड़े ने अपना पूरा ध्यान क्लाउड कंप्यूटिंग और AI डेटा सेंटरों की ओर मोड़ लिया।

मेगास्पीड के जरिए प्रतिबंधित AI चिप्स चीन भेजने का खेल

2022 के अंत में अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए एडवांस्ड AI चिप्स के निर्यात पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए थे, जिससे एनवीडिया को सीधे चीन में ये चिप्स बेचने से रोक दिया गया। इसी प्रतिबंध को दरकिनार करने के लिए एक नया कॉरपोरेट नेटवर्क तैयार किया गया।

मार्च 2023 में कांग और एलिस ने सिंगापुर स्थित एक वीडियो गेम कंपनी के डिवीजन का अधिग्रहण कर उसका नाम 'मेगास्पीड इंटरनेशनल' रखा, जिसमें एलिस को निदेशक बनाया गया।

चीन की दिग्गज ई कॉमर्स कंपनी अलीबाबा को चीन के बाहर स्थित डेटा सेंटरों से कंप्यूटिंग क्षमता की तलाश थी। मेगास्पीड ने एनवीडिया को बताया कि अलीबाबा उसका मुख्य ग्राहक होगा।

इसके आधार पर नवंबर 2023 में मेगास्पीड ने एनवीडिया के क्लाउड पार्टनर के रूप में चिप्स तक प्राथमिकता वाली पहुंच हासिल कर ली।

इसके तुरंत बाद एलिस ने एक सहयोगी को बताया कि उन्होंने जेन्सेन हुआंग से संपर्क कर लिया है और अब काम सुचारू रूप से चलेगा।

मेगास्पीड ने मलेशिया के डेटा सेंटरों में सर्वर लगाने के साथ-साथ अरबों डॉलर की प्रतिबंधित एनवीडिया AI चिप्स और सर्वर अवैध रूप से चीन भी भेजे।

इनमें शंघाई स्थित क्लाउड प्रदाता सेंचुरी लिटोंग भी शामिल है, जिसका अधिकारी कांग के साथ पहले व्यापार कर चुकी एक सूचीबद्ध फर्म के पास है।

2024 के अंत से जून 2025 के बीच इस जोड़े ने शंघाई और सिंगापुर के निवेशकों को दक्षिण-पूर्व एशिया और शंघाई में डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स के प्रस्ताव दिए।

उन्होंने दावा किया कि तीन साल में निवेश की वैल्यू तीन गुना हो जाएगी और उनके पास चीन में एनवीडिया चिप्स लाने के रास्ते मौजूद हैं।

'मेगास्पीड' ऑडिट में बड़ा खुलासा

एलिस हुआंग की जेन्सेन के साथ हालिया व्यावसायिक डील सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड के माध्यम से हुई, जो एनवीडिया के साथ अरबों डॉलर का कारोबार करती है। इस कंपनी पर अमेरिकी निर्यात प्रतिबंधों का उल्लंघन कर चीन में हाई-एंड AI चिप्स की तस्करी करने के गंभीर आरोप लगे हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, एक ऑडिट के दौरान करीब 50,000 चिप्स का कोई हिसाब नहीं मिला है, जिससे यह आशंका और गहरा गई है कि इन्हें अवैध रूप से चीन पहुंचाया गया। हालांकि, मेगास्पीड ने किसी भी तरह की अनियमितता से साफ इनकार करते हुए कहा है कि वह सभी कानूनी और नियामक नियमों का पालन करती है।

एलिस हुआंग की पृष्ठभूमि को लेकर सवाल

एलिस पूर्व में चीन के सरकारी ब्रॉडकास्टर CCTV और क्षेत्रीय चैनल हुनान TV में रिपोर्टर के तौर पर काम कर चुकी हैं। बताया जा रहा है कि 2023 में मेगास्पीड शुरू होने से पहले उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सेक्टर में कोई अनुभव नहीं था।

मेगास्पीड से जुड़ने से पहले एलिस 'शंघाई हेक्सी इन्वेस्टमेंट' में सीनियर एग्जीक्यूटिव और इक्विटी पार्टनर थीं। इस फर्म और इसके नेतृत्व पर पहले भी सख्त नियामक कार्रवाई हो चुकी है।

2018 में हुई किउ टेक्नोलॉजी के टेकओवर से जुड़े नियमों के उल्लंघन और गैर-कानूनी ट्रेडिंग के लिए कांग की कंपनी पर 2.6 मिलियन डॉलर और खुद कांग पर 60,000 डॉलर का जुर्माना लगाया गया था।

इसके अलावा, 2025 में भी इनसाइडर स्टेक का खुलासा न करने पर चीन के सिक्योरिटीज रेगुलेटर ने हेक्सी पर 3,50,000 डॉलर का अतिरिक्त जुर्माना ठोका था।

फिलहाल अमेरिका और सिंगापुर के अधिकारी 'मेगास्पीड' के खिलाफ निर्यात नियंत्रण नियमों के उल्लंघन की गहन जांच कर रहे हैं। हालांकि, कंपनी ने किसी भी तरह की अनियमितता से इनकार करते हुए कहा है कि वह सभी कानूनी मानकों का पालन करती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।