फ्रांस के रेनॉयर म्यूजियम में हुई चोरी, 98 करोड़ की कीमत वाली 4 बेशकीमती पेंटिंग्स लेकर उड़े चोर
फ्रांस के रेनॉयर म्यूजियम से दो चोरों ने मंगलवार को 98 करोड़ रुपये की चार बेशकीमती पेंटिंग्स चुराईं, तीन कलाकृतियां ले जाने में सफल रहे।

फ्रांस के रेनॉयर म्यूजियम से 4 बेशकीमती पेंटिंग की चोरी(फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, पेरिस। फ्रांस के मशहूर रेनॉयर म्यूजियम में मंगलवार को दो चोरों ने सेंधमारी कर लगभग 98 करोड़ रुपये की चार बेशकीमती पेंटिंग्स चुरा लीं। इस चोरी ने फ्रांस के म्यूजियम्स की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।
कैग्नेस-सुर-मेर शहर के मेयर ब्रायन मैसन ने बताया कि म्यूजियम से चोरी करने के बाद भागते हुए दोनों संदिग्धों को शहर के सीसीटीवी में देखा गया है। हड़बड़ी में भागते समय चोरों के हाथ से एक पेंटिंग वहीं गिर गई थी, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। बाकी तीन कलाकृतियां चोर अपने साथ ले जाने में कामयाब रहे।
मेयर मैसन के अनुसार, म्यूजियम का सिक्योरिटी अलार्म सुबह ठीक 5:48 बजे बजा था। अलार्म बजते ही म्युनिसिपल पुलिस तुरंत हरकत में आई और महज 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक चोर वारदात को अंजाम देकर वहां से फरार हो चुके थे।
क्या है रेनॉयर म्यूजियम का इतिहास?
यह म्यूजियम मशहूर फ्रांसीसी प्रभाववादी चित्रकार पियरे-अगस्टे रेनॉयर को समर्पित है। 1919 में उनके निधन से पहले यह उनका आखिरी घर था। बाद में साल 1960 में इस घर को एक म्यूजियम में बदल दिया गया था।
यहां उनकी शानदार पेंटिंग्स के साथ-साथ उनके जीवन से जुड़ी निजी चीजें, जैसे उनका चित्रफलक और उनकी व्हीलचेयर भी रखी हुई हैं।
यह चोरी ऐसे समय में हुई है, जब एक साल से भी कम समय पहले पेरिस के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले लूवर म्यूजियम में दिनदहाड़े एक बड़ी डकैती हुई थी।
उस वारदात में चोरों ने लगभग 100 मिलियन डॉलर की आठ बेशकीमती चीजें पार कर दी थीं। रेनॉयर म्यूजियम की इस नई घटना ने कला जगत में लूवर म्यूजियम की उस खौफनाक चोरी की यादें फिर से ताजा कर दी हैं।
